गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 50 एकड़ में प्रस्तावित गारमेंट पार्क में 51 उद्यमियों ने रेडीमेड गारमेंट की इकाई स्थापित करने की इच्छा जताई है। इसके लिए 27 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज को करीब 500 औद्योगिक इकाई स्थापित होने की उम्मीद है। ऐसा हुआ तो प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से करीब 20 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
गारमेंट पार्क के लिए चेंबर आफ इंडस्ट्रीज की ओर से उद्यमियों के बीच सर्वे कराया जा रहा है। जो उद्यमी निवेश के इच्छुक हैं, उन सबसे आवेदन मांगे जा रहे हैं। अब तक 51 उद्यमियों ने औद्योगिक इकाई स्थापित करने की इच्छा जताई है। आवेदन की आखिरी तिथि 31 दिसंबर है। अब तक जो उद्यमी आगे आए हैं उनमें ज्यादातर शर्ट-टी-शर्ट, जैकेट और लेडीज गारमेंट की फैक्ट्री लगाना चाहते हैं।
दरअसल, चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी व उद्यमियों ने गीडा के सीईओ संजीव रंजन से मिलकर गारमेंट पार्क स्थापित करने की मांग की थी। इस पर सीईओ ने कहा था कि अगर उद्यमी इकाई लगाने में रुचि दिखाएंगे तो गारमेंट पार्क विकसित किया जाएगा। इसी का नतीजा रहा कि चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज ने गीडा और इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित उद्योग भवन में आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसे लेकर उद्यमियों ने उत्साह दिखाया है।