गोरखपुर मानबेला रोड पर दुकान के आगे छतरी तान अतिक्रमण करने वाले दुकानदार पर नगर निगम की ओर से पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा प्रतिबंधित पॉलिथीन पकड़े जाने पर कई दुकानदारों को भी जुर्माना देना पड़ा।
शुक्रवार को मानबेला रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस दौरान मानबेला के दुकानदार मनोज द्वारा पटरी को कब्जा करके रोड पर छतरी और टेबल, कुर्सी लगाकर फास्ट फूड बेचा जा रहा था। नगर आयुक्त के निर्देश पर इंफोर्समेंट टीम प्रभारी कर्नल सीपी सिंह ने उससे पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं मुख्य अभियंता सुरेश चंद द्वारा करीम नगर तिराहा, ग्रीन हॉस्पिटल के पास गंदगी करने एवं प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वालों से भी जुर्माना वसूला गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी द्वारा मानबेला रोड पर उमेश, सीताराम तथा धीरू द्वारा गंदगी करने एवं पॉलिथीन का इस्तेमाल करने पर 3000 रुपये जुर्माना वसूला।
जारी रहा कूड़े के ढेर को हटाने का अभियान
एक दिसंबर से छह दिसंबर तक चलने वाले अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को भी शहर के विभिन्न इलाकों से कूड़े के ढेर को हटाया गया। सहायक नगर आयुक्त डॉ. मणिभूषण तिवारी की मौजूदगी में करीब 50 कर्मचारियों ने तारामंडल रोड एवं गोरखपुर जू के पास के कूड़े के ढेर को निस्तारित कराया। इस दौरान डॉ. तिवारी ने अपने जोन के अंतर्गत कृष्णा पैलेस होटल के पास, जंगल सालिकराम, परसईया, गोपलापुर, जंगल तुलसीराम, सरस्वतीपुरम कॉलोनी एवं भैरोपुर स्थलों के कूड़े का निस्तारण भी कराया। रुस्तमपुर हाईडिल कालोनी एवं तुर्कमानपुर मलिन बस्ती, तिवारीपुर में स्व. हरिशचन्द निकेतन एकेडमी के पास, नरसिंहपुर, इस्माईलपुर, धर्मशाला बाजार, मियांबाजार एवं दिलेजाकपुर में भी कूड़े का ढेर हटाया गया।