गोरखपुर में कोविड का टीका लगवाने के लिए बूथों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। भीड़ को देखते हुए विभाग ने महाअभियान के तहत 156 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 50 हजार के करीब लोगों को टीका लगाया गया है। सुबह से ही टीकाकरण के लिए बूथों लाइन लगी रहीं। इसकी वजह से लोगों का नंबर तीन से चार घंटे बाद आया।
जानकारी के मुताबिक शासन के निर्देश पर तीन अगस्त को 61 हजार से अधिक लोगों को कोविड का टीका लगाया था। इसके बाद से वैक्सीन की किल्लत के कारण कम ही बूथ बनाए जा रहे थे। 14 अगस्त को विभाग को बड़ी संख्या में वैक्सीन मिल गई। इस पर विभाग ने महाअभियान चलाने का फैसला लिया। इसके तहत 156 बूथ बनाए गए। इन बूथों पर सुबह से ही लोग टीका लगवाने के लिए लाइन में लगे रहे।
महिला अस्पताल में सबसे अधिक भीड़ टीका लगवाने के लिए लगी रही। इसके अलावा एमआरआई बूथ पर विदेश जाने वाले और संक्रामक रोग विभाग में कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए लोग परेशान दिखे। इन सबके बीच इन दोनों बूथों पर 500 से अधिक लोगों को टीका लगाया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एनके पांडेय ने बताया कि वैक्सीन की कमी नहीं है। लगातार टीकाकरण किया जा रहा है। 14 लाख से अधिक लोगों को कोविड का टीका लगाया जा चुका है।
24 घंटे में मिला एक संक्रमित
गोरखपुर कोरोना संक्रमण की जांच में 24 घंटे में सोमवार को एक कोरोना संक्रमित मिला है। 28 जुलाई के बाद से ही कोई मौत न होने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि जिले में अब तक 59383 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 58518 ने कोरोना को मात दे दी है। 848 की मौत हो चुकी है। 10 एक्टिव केस बचे हैं।