गोरखपुर जिले के मत्स्य पालकों को भी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मत्स्य पालकों को कोई दिक्कत न हो और जल्द सभी को केसीसी की सुविधा मिले, इसलिए चार सदस्यीय केसीसी कोऑर्डिनेशन कमेटी बनाई गई है, जो डीएम के निर्देश पर काम करेगी। जिले में 4500 मत्स्य पालकों एवं मत्स्य विक्रेताओं को इसका लाभ मिलेगा।
भारत सरकार एवं रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के दिशा निर्देश पर किसानों को केसीसी उपलब्ध कराने की योजना है। डीएम विजय किरन आनंद ने बताया है कि कमेटी प्रत्येक शुक्रवार को जिला अग्रणी प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक विकास भवन सभागार में शिविर लगाएगी। इस दौरान प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों का परीक्षण कर उसे संबंधित बैंकों को उपलब्ध कराएंगे। सभी आवेदन पत्रों का विवरण जिला अग्रणी प्रबंधक कार्यालय में रखा जाएगा। जो आवेदन पत्र स्वीकृति योग्य होंगे, उन्हें तत्काल स्वीकृति प्रदान करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक शुक्रवार को जनपद स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी निर्धारित विवरण के अनुसार आयोजित, विकास खंडवार कैम्पों में अधिक से अधिक आवेदन पत्रों की प्राप्ति सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक शुक्रवार को कमेटी अपनी रिपोर्ट जिला अग्रणी प्रबंधक को सौंपेगी।
इन जगहों पर लगेंगे शिविर
डीएम ने बताया कि विकासखंड कैम्पियरगंज, जंगल कौड़िया, खजनी, बेलघाट, सरदारनगर में 9 एवं 31 दिसंबर, 21 जनवरी, 11 फरवरी 2022 को कैंप लगेंगे। इसी प्रकार ब्रम्हपुर, चरगावां, भटहट, खोराबार एवं पिपराइच में 16 दिसंबर, 7 एवं 16 जनवरी तथा 18 फरवरी को कैंप आयोजित होगा। विकासखंड सहजनवां, पाली, पिपरौली, बांसगांव, कौड़ीराम में 24 दिसंबर, 9 तथा 28 जनवरी एवं 20 फरवरी को कैंप की तिथि तय की गई है।
वहीं विकासखंड गगहा, गोला, बड़हलगंज, उरूवा तथा भरोहिया में 30 दिसंबर, 14 जनवरी एवं 4 तथा 28 फरवरी को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक कैंप लगेगा। प्रत्येक विकासखंड के लिए 250 आवेदनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।