सात दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में गोरखपुर परिक्षेत्र से रोडवेज की 360 बसें लगाई जाएंगी। मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद परिवहन निगम के जिम्मेदार बसों की व्यवस्था में लग गए हैं। बसों की मरम्मत कराई जा रही है। इसके अलावा सात दिसंबर को चालक और परिचालकों की छुट्टी रद्द कर दी गई है।
मुख्यालय से सात दिसंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में गोरखपुर डिपो की 170 बसों सहित गोरखपुर परिक्षेत्र के राप्तीनगर डिपो, सोनौली, महाराजंगज, कुशीनगर, बस्ती, देवरिया डिपो की 360 रोडवेज और अनुबंधित बसें लगाए जाने के निर्देश मिले हैं। निर्देश मिलने के बाद आरएम ने गोरखपुर परिक्षेत्र के सभी एआरएम को पत्र लिखकर बस को तैयार रखने को कहा है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एके मिश्रा ने बताया कि निगम से निर्देश मिलने के बाद बसों की व्यवस्था की जा रही है। जो बसें खराब हैं उसे ठीक कराया जा रहा है। सात दिसंबर को चालक और परिचालक की छुट्टी रद्द कर दी गई है।
वाराणसी परिक्षेत्र से आ रही हैं 200 बसें
एआरएम एके मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए गोरखपुर परिक्षेत्र के अलावा वाराणसी परिक्षेत्र से भी 200 बसें आ रही हैं। ये बसें सोमवार को गोरखपुर आ जाएंगी। इसके साथ ही पूरे पूर्वांचल से निगम और अनुबंधित मिलाकर कुल 1750 बसें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लगाई जानी हैं।