कुशीनगर जिले में शुक्रवार को 31 और लोग कोरोना संक्रमितों पाए गए। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों का कुल आंकड़ा पांच हजार के पार पहुंच गया है। अब जिले में कुल संक्रमित 5010 हो गए हैं जिनमें से अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 4722 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अभी भी 238 एक्टिव केस हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को आरटीपीसीआर व एंटीजन किट से कुल 2604 जांच हुई। अब कुल जांच 150003 हो गई है। शाम को 1976 लोगों की जांच रिपोर्ट आई जिसमें से 1945 निगेटिव व 31 पॉजिटिव पाए गए।
पॉजिटिव मिले मरीजों में मोतीचक क्षेत्र में एक, फाजिलनगर क्षेत्र में आठ, कप्तानगंज में एक, कसया में दो, पडरौना में तीन, तमकुही में 11, खड्डा में दो, सेवरही में दो व हाटा क्षेत्र में एक मरीज है। इसके अलावा शुक्रवार को 19 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर में कमी आई है। अब जिले में संक्रमण दर 4.08 प्रतिशत तथा रिकवरी दर 94.25 प्रतिशत हो गया है। मृत्यु दर 0.97 प्रतिशत है। परंतु लोगों को अभी सावधानी रखनी होगी। संक्रमण दर को बढ़ने से रोकने के लिए मास्क व दो गज की दूरी जरूरी है।