गोरखपुर जिले में कोरोना का संक्रमण मंगलवार को फिर बढ़ गया। कुल 28 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसमें एक बच्चा व पांच स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। किसी की तबीयत गंभीर नहीं है। सभी का घर पर ही उपचार चल रहा है। वहीं, 15 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है। जिले में सक्रिय रोगियों की संख्या 127 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, कोरोना संक्रमितों में निजामपुर के एक परिवार के दो लोग व आकाश विहार का एक छह साल का बच्चा भी शामिल है। रेजा हास्पिटल, एम्स, रेलवे अस्पताल, जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट के एक-एक कर्मचारी की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि जिले में पहली लहर से लेकर अब तक 67204 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 66201 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 866 की मौत हो चुकी है।
3933 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
कोरोना टीकाकरण अभियान में मंगलवार को 127 बूथों पर 3933 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनएल कुशवाहा ने अपील की है कि लोग बूथों पर आएं, सभी को टीका लगाया जाएगा। वैक्सीन को कोई कमी नहीं है।