कोविड टीकाकरण अभियान के तहत बुधवार को 140 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 7,135 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। इनमें करीब चार हजार के आसपास एहतियाती डोज लगवाने वाले लोग थे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नंदलाल कुशवाहा ने बताया कि वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। बूथों पर पहुंचकर लोग निशुल्क टीका लगवा सकते हैं। ब्यूरो
जिला अस्पताल को 1,800 वायल एआरवी मिली
गोरखपुर जिला अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) की किल्लत दूर हो गई है। बुधवार की सुबह ही मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन से 1,800 वायल वैक्सीन यहां पहुंच गई। इसके बाद करीब 150 मरीजों को जिला अस्पताल में वैक्सीन की डोज लगाई गई। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंबुज श्रीवास्तव ने बताया कि एक वायल में पांच डोज होती है। लगभग तीन माह तक वैक्सीन की कोई कमी नहीं रहेगी। कॉरपोरेशन जल्द ही और वायल उपलब्ध कराएगा। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को अब लौटना नहीं पड़ेगा।