गोरखपुर। जिले में राशन वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही 225 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों में राशन का सुरक्षित भंडारण किया जाएगा, ताकि वितरण व्यवस्था को और व्यवस्थित किया जा सके। इसके लिए जमीन चिह्नांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिले में 225 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें 150 भवन विभाग की ओर से बनाए जाएंगे, जबकि 75 भवन जी-राम जी योजना के तहत तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक अन्नपूर्णा भवन के निर्माण पर करीब 8.50 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। भवनों के निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन का चयन किया जा रहा है।
जिला पूर्ति विभाग की ओर से जिले में प्रस्तावित 225 अन्नपूर्णा भवनों के लिए जमीन चिह्नांकन कराया जा रहा है। पहले चरण में 50 जगहों पर जमीन चयन की प्रक्रिया चल रही है। जमीन उपलब्ध होने और उपयुक्त पाए जाने के बाद संबंधित स्थानों पर भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अन्नपूर्णा भवन बनने से राशन के भंडारण के लिए अलग और सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा।
कोट-
अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए जिले में 225 स्थानों का चिह्नांकन किया जा रहा है। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन की मंजूरी के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
- अजय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी