यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 220 परीक्षा केंद्र बनेंगे। यूपी बोर्ड की ओर से जारी 222 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची को लेकर मांगी गई आपत्तियों के निस्तारण के बाद जिला केंद्र निर्धारण समिति ने परीक्षा केंद्रों की सूची फाइनल कर दी है। इस सूची को डीआइओएस कार्यालय ने बोर्ड को भेज दिया है।
समिति ने अनंतिम सूची में गत वर्ष परीक्षा केंद्र बने 27 स्कूलों को एक बार फिर केंद्र बनाया है, वहीं संसाधनों की उपलब्धता न होने की वजह से 29 स्कूलों को सूची से हटा दिया है।
बोर्ड ने विगत 11 दिसंबर को 222 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की थी। जिसके बाद डीआइओएस ने प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों से 14 दिसंबर तक इसके लिए आपत्ति मांगी थी। अंतिम तिथि तक विभाग को कुल 127 आपत्तियां प्राप्त हुईं।
इनमें से 51 आपत्तियां नया केंद्र बनाए जाने को लेकर, 20 संसाधनों का कमी बताकर परीक्षा कराने में असमर्थ रहने, 43 परीक्षा केंद्र दूर बनाए जाने तथा 13 आपत्तियां धारण क्षमता से अधिक छात्र आवंटित करने को लेकर थी। समिति ने 17 दिसंबर को बैठक में आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद 220 केंद्रों की सूची को अंतिम रूप दिया।
डीआइओएस ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने कहा कि जिला केंद्र निर्धारण समिति ने 220 केंद्रों की प्रस्तावित सूची को हरी झंडी दे दी है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद इस सूची को समिति ने फाइनल किया है। गत वर्ष की तुलना में इस बार 21 केंद्र अधिक बने हैं।