गोरखपुर जिले के शहरी क्षेत्र में रीवैंप्ड योजना के तहत पौने सात करोड़ रुपये से 188 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इनमें 100, 250 और 400 केवीए की क्षमता के ट्रांसफार्मर होंगे। इन्हें चारों खंडों के अलग-अलग क्षेत्रों में लगाया जाएगा। इनके लग जाने से इनसे जुड़े इलाकों में अभी से बेहतर बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इसके अलावा अलग-अलग क्षमता के ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि भी की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि रीवैंप्ड योजना के तहत 100 केवीए की क्षमता का एक ट्रांसफार्मर, 250 केवीए की क्षमता का 144 और 400 केवीए की क्षमता के 43 ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इन्हें लगाने में कुल 6.74 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एक तरफ बिजली घर की क्षमता बढ़ाने के बाद लगातार नए बिजली घर भी तैयार किए जा रहे हैं।
ऐसे में विद्युत भार को इन नए ट्रांसफार्मरों पर प्रवाहित कर उन्हें बिजली आपूर्ति देनी शुरू की जाएगी। बताया कि, इसके अलावा शहर के बिजली घरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। इसमें रुस्तमपुर बिजली घर, रानीबाग, नार्मल, तारामंडल, लोहिया एन्क्लेव, लालडिग्गी, धर्मशाला, यूनिवर्सिटी, सर्किट हाउस, दुर्गाबाड़ी, इंडस्ट्रियल इस्टेट, राजेंद्र नगर, मोहद्दीपुर समेत अन्य कुछ बिजली घरों पर लगे 63, 100, 250, 400 के केवीए के ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी।
इन इलाकों में लगेंगे नए ट्रांसफार्मर
किरोड़ीमल हाता, सत्यम प्रोविजन स्टोर तारामंडल, जीडीए ऑफिस, पंचमुखी हनुमान मंदिर, बिलंदपुर खत्ता, इंदिरा नगर तिराहा, भारत पैट्रोल टैंक भरवलिया, न्यू रुस्तमपुर चौराहा, भगत चौराहा, नौसड़, रमदत्तपुर, मैना देवी स्कूल सूरजकुंड, काली मंदिर मोहद्दीपुर, तुर्कमानपुुर आदि।