गोरखपुर मंडल की 1798 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। इस पर 1771 लाख की लागत आएगी। सबसे अधिक 855 किलोमीटर गोरखपुर जनपद की सड़कें गड्ढा मुक्त होंगी।
प्रमुख अभियंता ने जारी आदेश में कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त कर दिया जाए। लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। धन मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
प्रमुख अभियंता संजय कुमार श्रीवास्तव ने आदेश में कहा है कि वर्ष 2022-23 में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के तहत आने वाली विभिन्न श्रेणी के मार्गों को बरसात से पहले हर हाल में गड्ढामुक्त कराना लोक निर्माण विभाग की प्राथमिकता में है। जिन मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाना है उनकी कार्ययोजना खंडों को बनाकर मुख्यालय भेजना था। गड्डा मुक्ति में उन्हीं मार्गों को शामिल किया जाना है जिनकी मरम्मत की नितांत जरूरत है।
कहा कि अगर कोई सड़क अधिक क्षतिग्रस्त है तो उसे गड्ढामुक्त की जगह उसकी विशेष मरम्मत, पुनर्निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण में शामिल कर कार्ययोजना बनाई जाए।
प्रमुख अभियंता के आदेश के बाद मुख्य अभियंता ने मंडल के सभी खंडों के अधिशासी अभियंताओं से जो रिपोर्ट मांगी है उसके अनुसार गोरखपुर मंडल में 1798 किलो मीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाना है। उसमें गोरखपुर की 855.66, महराजगंज की 288, देवरिया की 428 और कुशीनगर की 195 किलो मीटर सड़क शामिल है।
मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग बीबी श्रीवास्तव ने कहा कि प्रमुख अभियंता के निर्देश पर गोरखपुर मंडल की सड़कों के गड्ढा मुक्त के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। धन मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।