गगहा। थाना क्षेत्र के कलानी गांव के पास बृहस्पतिवार रात हुई सनसनीखेज फायरिंग में सुमही निवासी रविकेश (28) की हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत करीब 15 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वारदात के दो दिन बाद भी पुलिस को हमलावरों के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
मृतक की पत्नी बिजली किन्नर की तहरीर पर छोटी किन्नर, कोमल किन्नर, रिद्धि किन्नर, प्रेमा किन्नर समेत 16 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे रविकेश अपनी पत्नी बिजली किन्नर के साथ कार से कौड़ीराम से अपने पैतृक गांव सुमही लौट रहे थे। गांव से करीब 200 मीटर पहले कलानी स्थित ईंट भट्ठे के पास मोड़ पर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
अचानक हुई फायरिंग से दंपती को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गोली लगने से रविकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। संवाद