उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से सत्र 2022-23 में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाओं के केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया को प्रारंभ कर दिया गया है। परीक्षा में 1,47,245 विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, जिले के 485 माध्यमिक विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कार्य आखिरी चरण में है। रविवार तक इसे भी पूरा कर लिया जाएगा।
बोर्ड की ओर से जिले में केंद्र निर्धारण कवायद हाल ही में प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत केंद्र निर्धारण जांच समिति की ओर से माध्यमिक विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों की जांच की जा रही है।
समिति में एसडीएम, तहसीलदार, इंजीनियर के साथ एक राजकीय विद्यालय प्रधानाचार्य शामिल होते हैं। जो विद्यालय के अक्षांश, देशांतर, कंप्यूटर, सीसीटीवी, कमरे, दूरी, लोहे का गेट, बाउंड्री सहित विभिन्न बिंदुओं का सत्यापन किया जाता है।
इसकी पूरी रिपोर्ट कार्यालय की ओर से बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की जाती है। रविवार तक शासन की ओर से इस लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश मिला है। सत्र 2021-22 में 199 केंद्रों पर परीक्षाओं का आयोजन हुआ था।
डीआईओएस ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने कहा कि सत्र 2022-23 की परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी।