जानकारी के अनुसार, मुड़िला उर्फ मुंडेरा निवासी श्याम सुंदर चौरसिया का बेटा कन्हैया चौरसिया (12) बुधवार शाम करीब चार बजे साइकिल से वार्ड नंबर 5, मानबेला, राप्ती नगर विस्तार कॉलोनी से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में निर्माणाधीन नाला खुला पड़ा था। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा नाले में लगाई गई अतिरिक्त लोहे की छड़ें (सरिया) हटाई नहीं गई थीं और नाले का ढक्कन भी नहीं लगाया गया था। इसी दौरान कन्हैया साइकिल सहित खुले नाले में जा गिरा। गिरते समय नाले में खड़ी लोहे की सरिया उसके शरीर में घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची मेडिकल चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीड़ित पिता श्याम सुंदर चौरसिया ने चिलुआताल पुलिस को लिखित तहरीर देकर संबंधित ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है और न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। जिसके बाद बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।