11,358 उपभोक्ताओं ने 10.85 करोड़ का किया भुगतान
बिजली बिल राहत योजना से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
महराजगंज। जिले में शासन की ओर से लागू की गई बिजली बिल राहत योजना उपभोक्ताओं के लिए राहत का माध्यम बन रही है। योजना के तहत अब तक 11,358 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराकर 10.85 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। इस दौरान उपभोक्ताओं को ब्याज और मूल बकाया में उल्लेखनीय छूट भी मिली है।
जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देश पर बिजली बिल राहत योजना को तीन चरणों में लागू किया गया है। योजना का प्रथम चरण 1 दिसंबर से 31 दिसंबर तक, द्वितीय चरण 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक तथा तृतीय चरण 1 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। यह योजना विद्युत वितरण मंडल महराजगंज क्षेत्र में 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक लागू रहेगी। योजना के तहत एलएमवी-1 (घरेलू) श्रेणी के अधिकतम 2 किलोवाट भार तक और एलएमवी-2 (वाणिज्यिक) श्रेणी के 1 किलोवाट भार तक के नेवर पेड और लॉन्ग अनपेड उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है।
इसके अलावा विद्युत चोरी से संबंधित समस्त प्रकरणों में किए गए राजस्व निर्धारण पर भी छूट प्रदान की जा रही है। योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विलंबित भुगतान अधिभार (सरचार्ज) में 100 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण में पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को पंजीकरण तिथि तक के पूरे विलंबित भुगतान अधिभार से मुक्त किया जा रहा है। साथ ही दिनांक 31 मार्च 2025 तक के विद्युत बिल के मूल बकाया पर भी चरणवार छूट दी जा रही है। प्रथम चरण में 25 प्रतिशत, द्वितीय चरण में 20 प्रतिशत तथा तृतीय चरण में 15 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है।
एक्सईएन आनन्दनगर द्वितीय चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि अब तक हुए भुगतान में लगभग 1.89 करोड़ रुपये ब्याज के रूप में माफ किए गए हैं और मूल बकाया राशि में लगभग 38 लाख रुपये की छूट दी गई है।
विभाग के अनुसार, जिले के चारों विद्युत वितरण खंडों में भी इस योजना का प्रभाव देखने को मिल रहा है। विद्युत वितरण खंड प्रथम, महराजगंज में कुल 50,554 उपभोक्ता छूट के दायरे में हैं। इनमें से 4,124 उपभोक्ताओं ने अब तक पंजीकरण कराया है। इन उपभोक्ताओं ने 4.37 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय, आनंदनगर में 25,883 उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिलेगा। यहां अब तक 2,406 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराकर 1.89 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। निचलौल डिवीजन में 41,534 उपभोक्ता छूट के पात्र हैं, इनमें से 2,799 ने 2.98 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। वहीं नौतनवा क्षेत्र में 17,801 उपभोक्ताओं को बिजली बिल राहत योजना के तहत लाभ लिया। यहां अब तक 2,029 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराकर 1.62 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
वर्जन
बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर पंजीकरण कराकर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। वि भाग की ओर से जारी किए निर्धारित समय पर पंजीकरण कराने से न केवल ब्याज और सरचार्ज से पूरी तरह राहत मिलेगी बल्कि मूल बकाया में भी छूट प्राप्त की जा सकती है।
-वाईपी सिंह, अधीक्षण अभियंता