क्या है दावा?
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान महेंद्र सिंह धोनी द्वारा कांग्रेस का प्रचार करने के दावे के साथ एक तस्वीर शेयर की जा रही है। यूजर दावा कर रहे हैं कि भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी कांग्रेस का प्रचार कर रहे हैं। वायरल पोस्ट्स के आर्काइव यहाँ, यहाँ और यहाँ देखें।
पड़ताल
न्यूजचेकर ने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान महेंद्र सिंह धोनी द्वारा कांग्रेस का प्रचार करने के दावे के साथ शेयर की जा रही तस्वीर की जांच की। पड़ताल के लिए, सबसे पहले न्यूजचेकर ने तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में न्यूजचेकर ने पाया कि यह तस्वीर आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट द्वारा 5 अक्तूबर 2020 को शेयर की गयी थी। इससे यह स्पष्ट हो गया कि यह तस्वीर पुरानी है और हालिया लोकसभा चुनाव से संबंधित नहीं है। तस्वीर में धोनी छह उंगलियां दिखा रहे हैं और पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है कि चेन्नई सुपरकिंग्स के ट्विटर पर छह मिलियन फॉलोवर्स हो गए हैं।
Courtesy: Instagram/@Chennai Super Kings
मिली जानकारी के आधार पर न्यूजचेकर ने गूगल की-वर्ड सर्च किया। परिणाम में न्यूजचेकर को 5 अक्तूबर 2020 को इस तस्वीर के साथ एनडीटीवी द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्विटर पर चेन्नई सुपर किंग्स के छह मिलियन फॉलोअर्स होने पर टीम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से टीम के खिलाड़ियों की तस्वीर शेयर की थी। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि खिलाड़ियों ने छह संख्या को चिह्नित करते हुए तस्वीरें पोस्ट की थी।
Courtesy: NDTV
पड़ताल का नतीजा
अपनी जांच में न्यूजचेकर ने निष्कर्ष ने निकाला कि महेंद्र सिंह धोनी द्वारा कांग्रेस का समर्थन किए जाने का दावा फर्जी है। वायरल तस्वीर को चेन्नई सुपर किंग्स के सोशल मीडिया अकाउंट पर चार साल पहले छह मिलियन फॉलोअर्स होने की खुशी में शेयर किया गया था।
http://newschecker.in/hi/fact-check-hi/is-mahendra-singh-dhoni-promoting-congress/(This story was originally published by Newschecker, as part of the Shakti Collective. Except for the headline/excerpt/opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)