30वें कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल इस साल दिसंबर से शुरू होगा। ममता बनर्जी ने बताया कि फिल्म फेस्टिवल 4-11 दिसंबर 2024 को कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। कोलकाता अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 30वां संस्करण पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा आयोजित होगा। बता दें पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से हर साल इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है।
उत्तम कुमार को लेकर ममता बनर्जी ने कहा
प्रशंसित फिल्म निर्माता गौतम घोष को 'केआईएफएफ' का अध्यक्ष और बंगाली फिल्म आइकन प्रोसेनजीत चटर्जी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस दौरान ममता बनर्जी ने कहा, ''पिछले कई सालों की तरह, महोत्सव के दौरान दुनिया और भारतीय सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ काम का प्रदर्शन किया जाएगा।'' बंगाली मैटिनी आइडल उत्तम कुमार की 44वीं पुण्यतिथि के अवसर पर ममता बनर्जी ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल की संस्कृति और विरासत के प्रतीक हैं और उनकी विरासत जारी रहेगी। कला और संस्कृति के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल के योगदान की याद दिलाते हुए बनर्जी ने कहा कि 'केआईएफएफ' अपनी विविधता की वजह से सिनेप्रेमियों के लिए सबसे खास डेस्टिनेशन बन गया है।
गौतम घोष और प्रोसेनजीत चटर्जी की नियुक्ति पर ममता बनर्जी ने कहा
इस साल के महोत्सव को भव्य तरीके से आयोजित करने और बेहतरीन फिल्मों का प्रदर्शन करने के लिए गौतम घोष और प्रोसेनजीत चटर्जी एक विशेषज्ञों की एक अलग समिति बनाएंगे। इस दौरान ममता ने उत्तम कुमार की फिल्मों को याद करते हुए कहा कि कैसे उनकी मां उत्तम कुमार की फिल्मों को दिखाने के लिए उन्हें ले जाया करती थीं। उन्होंने कहा, "फिल्मों में उत्तम कुमार के प्लेबैक गीने अमर हैं। वह पश्चिम बंगाल की विरासत से अलग नहीं हैं। उन्होंने हमें सिखाया है कि हम अपनी पहचान और जड़ें कभी ना भूलें।" इस दौरान ममता बनर्जी ने चार दशकों तक बंगाली फिल्म उद्योग में प्रोसेनजीत चटर्जी के योगदान के लिए उन्हें एक खास पुरस्कार भी प्रदान किया।
उत्तम कुमार, जिन्हें प्यार से 'महानायक' या सुपरस्टार कहा जाता है। उमकी याद में 'महानायक सम्मान' टीएमसी सांसद रचना बनर्जी और गायक नचिकेता चक्रवर्ती को दिया गया, जबकि 'बिसेश चलचित्र सम्मान' अंबरीश भट्टाचार्य, सुभाशीष मुखोपाध्याय और रुक्मिणी मैत्रा को दिया गया। बता दें 'केआईएफएफ' की स्थापना साल 1995 में हुई थीं। इस फिल्म फेस्टिवल में फीचर, डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्मों के साथ अलग अलग तरह की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है।