देश के रक्षा मामलों की जानकारी लीक करने वाले जासूस की तलाश पर टिकी फिल्म ‘खुफिया’ का निर्माण भी विशाल भारद्वाज की ही कंपनी करेगी। फिल्म में तब्बू के अलावा आशीष विद्यार्थी, अली फजल और वामिका गब्बी भी अहम किरदारों में दिखेंगे। फिल्म के गुरुवार को हुए एलान पर खुशी जाहिर करते हुए विशाल कहते हैं, ‘फिल्म ‘खुफिया’ में मेरी कोशिश एक हैरान कर देने वाली जासूसी फिल्म बनाने की है। ये फिल्म सूचना और पर्यवेक्षण की धीमी धीमी आंच के ठीक उलट होगी और इसमें गहरे तक पैठ बना चुकीं इंसानी भावनाओं का आपसी टकराव अहम होगा।’
विशाल भारद्वाज, आशीष विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘खुफिया’ को विशाल भारद्वाज और रोहन नरुला ने लिखा है। फिल्म का प्री प्रोडक्शन पहले से ही जारी है और उम्मीद की जा रही है कि इसकी शूटिंग भी विशाल जल्द ही शुरू कर देंगे। बतौर निर्देशक विशाल की पारी अगले साल 20 साल पूरी कर लेगी। फिल्म ‘मकड़ी’ से शुरू हुआ विशाल का निर्देशकीय सफर पिछले कुछ साल से ढलान पर है। ‘सात खून माफ’ के फ्लॉप होने के बाद से गड़बड़ाया विशाल का करियर ‘मटरू की बिजली का मंडोला’, ‘हैदर’, ‘रंगून’ से होते हुए ‘पटाखा’ तक आते आते फुस्स सा हो चुका था। बीते महीने ही विशाल ने अपने बेटे आसमान की बतौर निर्देशक पहली फिल्म ‘कुत्ते’ का एलान भी किया है।
हिंदी सिनेमा में इन रॉ एजेंट्स की कहानियों पर फिल्में बनाने की जो लहर चल रही है। विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘खुफिया’ उसकी अगली कड़ी है। हिंदी सिनेमा में जासूसी फिल्मों का सिलसिला ‘टाइगर जिंदा है’ से फिर से शुरू हुआ और ‘टाइगर 3’ तक आते आते अब गजब का विस्तार पा चुका है। अक्षय कुमार की इस खेल में एंट्री फिल्म ‘बेलबॉटम’ से पहले निर्देशक नीरज पांडे की जासूसी फिल्मों ‘बेबी’ और ‘नाम शबाना’ से हुई थी। शाहरुख खान अपनी अगली फिल्म ‘पठान’ में जासूसी करते दिखगें। कंगना रणौत पनी अगली फिल्म ‘धाकड़’ में एक जासूस की भूमिका निभाती दिखेंगी। आलिया भट्ट की फिल्म ‘राजी’ में उनका निभाया रॉ एजेंट का किरदार लोगों को अब तक याद है। सिद्धार्थ मल्होत्रा फिल्म ‘मिशन मजनू’ में रॉ एजेंट के किरदार में हैं और अब बारी फिल्म ‘खुफिया’ की है।