कुणाल खेमू ने की अभय 3 की घोषणा
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
देसी ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 की सबसे चर्चित वेब सीरीज रही ‘अभय’ का तीसरा सीजन बनने जा रहा है। शो ने बीते साल अपने दूसरे सीजन के साथ कामयाब वापसी की थी। अब इसके अगले सीजन का न सिर्फ आधिकारिक एलान हो गया है बल्कि इसके कलाकारों ने वेब सीरीज ‘अभय 3’ की शूटिंग भी शुरू कर दी है। सीरीज में पुलिस अधिकारी बनने वाले कुणाल खेमू ने इसका एलान शूटिंग के पहले दिन का क्लैप बोर्ड हाथ में लेकर किया है। कुणाल खेमू ने वेब सीरीज ‘अभय 3’ में जांच अधिकारी अभय प्रताप सिंह के रूप में वापसी कर रहे है। उनके साथ इस सीजन में भी आशा नेगी, निधि सिंह, ऋतुराज सिंह और एलनाज नौरोजी भी वापसी कर रहे हैं। साथ ही सीरीज में कुछ नए कलाकर भी शामिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक ने वेब सीरीज ‘अभय’ के पहले दो सीजन का निर्देशन करने वाले केन घोष इस सफल फ्रेंचाइजी के तीसरे सीजन का भी निर्देशन कर रहे हैं। जी5 इंडिया के मुख्य व्यवसाय अधिकारी मनीष कालरा कहते हैं, "देश के सबसे बड़े घरेलू डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के रूप में ताजा और मनोरंजक कंटेंट प्रदान करने का हमारा निरंतर प्रयास है और वेब सीरीज ‘अभय’ के साथ हम क्राइम थ्रिलर शैली में उद्योग के लिए एक बेंचमार्क स्थापित कर रहे हैं।"
वहीं, जी स्टूडियोज के मुख्य व्यवसाय अधिकारी शारिक पटेल ने बताया, "वेब सीरीज ‘अभय 3’ के लिए इंतजार अब कम हो गया है क्योंकि हमने शूटिंग शुरू कर दी है और हम भी आपको यह दिखाने के लिए इंतजार नहीं कर सकते कि क्या आने वाला है। हम यह वादा कर सकते हैं कि यह बड़ा, बेहतर और गहन होगा।"
निर्देशक केन घोष कहते है, “यह उन सभी दोस्तों, प्रशंसकों और शुभचिंतकों के लिए है जो हमसे पूछते रहे हैं कि हम अभय 3 की शूटिंग कब शुरू करेंगे? यह आधिकारिक तौर पर घोषणा करने के लिए है कि हमने शूटिंग शुरू कर दी है और जल्द ही अभय 3 में आपकी स्क्रीन पर आपका पसंदीदा जासूस वापस आएगा।"
सीरीज के हीरो कुणाल खेमू भी इस मौके पर काफी खुश दिखे। वह कहते हैं,, “मैं एक ऐसी श्रृंखला का हिस्सा बनने के लिए बहुत रोमांचित और आभारी हूं जो इतनी पसंदीदा फ्रेंचाइजी बन गई है और इस फ्रेंचाइजी का मुख्य हिस्सा बनना अद्भुत फीलिंग है। मैंने वेब सीरीज ‘अभय 3’ की शूटिंग शुरू कर दी है।”