बिग बॉस ओटीटी को अपना पहला विजेता मिल गया है। इस शो को एक्ट्रेस दिव्या अग्रवाल ने जीता। दिव्या ने ट्रॉफी के साथ ही 25 लाख की राशि भी अपने नाम कर ली है। वहीं, निशांत भट्ट बिग बॉस ओटीटी के पहले रनर अप रहे, जबकि शमिता शेट्टी सेकेंड रनर अप रहीं। राकेश बापट टॉप 3 में नहीं पहुंच पाए और शो से बाहर हो गए जबकि प्रतीक सहजपाल ने खुद शो छोड़ दिया। 8 अगस्त को शुरू हुए बिग बॉस ओटीटी में शुरू से लेकर आखिर तक कई उतार चढ़ाव देखने को मिले। लगातार करीब 1000 घंटे तक चले इस लाइव शो की ट्रॉफी आखिरकार दिव्या अग्रवाल ने अपने नाम की।
दिव्या इससे पहले भी कई रियलटी शो में हिस्सा ले चुकी हैं और उनकी फैन फॉलोइंग भी जबरदस्त रही है। वह बिग बॉस ओटीटी में इकलौती ऐसी कंटेस्टेंट रहीं, जिन्होंने शो में बिना किसी कनेक्शन के पूरा सीजन अकेले दम पर खत्म किया। शो में दिव्या का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। शुरुआत में उनकी शमिता के साथ काफी अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गए और वे कई मौकों पर लड़ती ही नजर आईं। इसके अलावा शो में कई बार दिव्या का इमोशनल साइड भी देखने को मिला।