दलपति विजय की फिल्म 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें विजय दमदार एक्शन करते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं ने दर्शकों से वादा किया था कि वो 17 अगस्त को ट्रेलर रिलीज करेंगे, जिसके बाद से ही विजय के प्रशंसक पांच बजने का इंतजार कर रहे थे और अब उन्हें उनके सब्र का फल मिल गया है।
68 ऑपरेशन को दिया अंजाम, इसलिए है 'ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम'
'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' के ट्रेलर में दिखाया गया है कि विजय का किरदार एक टीम को लीड करने जा रहा है, जो इससे पहले 68 अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दे चुका हैं। ये सब जानकारी देते हुए एक किरदार कहता है कि कम से कम शब्दों में कहा जाए तो वो ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम है। इसके बाद हमें ट्रेलर में विजय मारधाड़ करते हुए दिखते हैं और फिर उन्हें कुछ हल्की-फुल्की कॉमेडी करते हुए देखा जाता है।
विज्ञापन
विजय की 68वीं फिल्म है 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम'
'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' का निर्देशन वेंकट प्रभु ने किया है। इस फिल्म के जरिए दलपति विजय और वेंकट प्रभु पहली बार साथ में काम कर रहे हैं। यह विजय की 68वीं फिल्म है, जिसका निर्माण एजीएस एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है। फिल्म की एडिटिंग वेंकट राजन ने की है और इसका संगीत युवान शंकर राजा ने तैयार किया है।
5 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' में विजय के साथ-साथ प्रशांत, मीनाक्षी चौधरी, प्रभु देवा, माइक मोहन, लैला, जयराम, स्नेहा और योगी बाबू समेत कई कलाकारों ने अभिनय किया है। खास बात यह है कि इसके निर्देशक वेंकट प्रभु के भाई प्रेमगी ने भी फिल्म में काम किया है। फिल्म 5 सितंबर, 2024 को रिलीज होगी।