हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने लंबे समय तक मार्वल फिल्मों में आयरन मैन की भूमिका अदा की। वहीं, अभिनेता क्रिस्टोफर नोलन की 2023 की ऑस्कर विजेता फिल्म ‘ओपेनहाइमर’ में एक अलग भूमिका में दिखाई दिए। अपनी अदाकारी से फैंस को प्रभावित करने वाले रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने टॉम हॉलैंड पर भी गहरा प्रभाव छोड़ा है। हाल ही में, टॉम हॉलैंड ने रॉबर्ट डाउनी जूनियर की खूब तारीफ की है।
टॉम हॉलैंड ने की रॉबर्ट डाउनी जूनियर की तारीफ
टॉम हॉलैंड ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में रॉबर्ट डाउनी जूनियर के साथ शूटिंग को याद किया, जब वह कैप्टन अमेरिका: सिविल वॉर को शूट कर रहे थे। टॉम हॉलैंड ने कहा, मैं डाउनी की काफी प्रशंसा करता हूं और उनका सच में आभारी भी हूं क्योंकि जब मैं अपने पहले ऑडिशन के लिए गया था तो मुझे आठ पन्नों का डायलॉग पकड़ा दिया गया था। ये सच में काफी लंबा सीन था क्योंकि आमतौर पर कोई भी ऑडिशन केवल दो पेज का ही होता है।
डाउनी ने ऐसे की थी हॉलैंड की मदद
टॉम हॉलैंड ने आगे अभिनेता की तारीफ करते हुए कहा, जब मैं पहले दिन सेट पर पहुंचा, तो मेरा सीन पहले की तुलना में काफी छोटा कर दिया गया था। यह आठ पेज से घटकर डेढ़ या दो पेज का ही रह गया था। अभिनेता ने आगे बताया कि लेकिन, जब वह पहले दिन सेट पर पहुंचे, तो सब कुछ अलग था। हॉलैंड ने कहा, "ऑडिशन में जो मैंने किया था, उससे मेरा सीन काफी छोटा कर दिया गया था, अब यह डेढ़ पेज या शायद दो पेज का रह गया है। इसके बाद हमने मिलकर सीन की शूटिंग शुरू की। इसके बाद डाउनी ने कहा, बच्चे की सारी लाइनें कहां चली गई? इस पर रूसो ने कहा कि स्क्रिप्ट पहले ही 140 पन्नों की है, इसलिए हम इस पर ज्यादा समय नहीं लगा सकते हैं।
डाउनी के आभारी हैं हॉलैंड
टॉम हॉलैंड ने आगे बताया कि इस पर डाउनी ने रूसो से कहा कि उन्हें इस पर समय देना चाहिए और ऑडिशन से पूरी चीज शूट करनी चाहिए, जिससे कि आपको जो चाहिए वो आप रख सकते हैं और बाकी सब काट सकते हैं और आगे चलकर यही हुआ। इसलिए मैं उनका बहुत आभारी हूं।