टी-सीरीज के सह-मालिक कृष्ण कुमार की बेटी 21 वर्षीय तिशा कुमार का आकस्मिक निधन हो गया था। भूषण कुमार की चचेरी बहन तिशा लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं और उनका जर्मनी में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। अब हाल ही में, बेटी के जन्मदिन पर उनकी मां तान्या सिंह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावनात्मक वीडियो शेयर किया, जिसके साथ एक लंबा नोट भी लिखा है।
तिशा कुमार ने लिखा भावुक नोट
उनके नोट में लिखा था, "हम दोनों जानते हैं कि यह गलत 'कहानी' है, कोई लंबी लड़ाई नहीं थी।" अपनी बेटी की मौत के बाद तान्या का यह पहला पोस्ट है। तान्या ने अपनी बेटी के बचपन से लेकर इस साल की शुरुआत तक की तस्वीरों का एक सीरीज साझा किया। इस सीरीज में तिशा के 20वें जन्मदिन के जश्न की तस्वीरें भी शामिल थीं।
जन्मदिन पर बेटी को किया याद
तान्या ने अपनी पोस्ट पर कैप्शन दिया, "मेरी प्यारी डार्लिंग तिश... 21वां जन्मदिन मुबारक। आज से 21 साल पहले, तुम मेरी जिंदगी में आईं और तब से तुमने इसे खुशी, आनंद, हंसी, खुशी, जश्न और बिना शर्त प्यार से भर दिया है। मुझे तुम्हारी मां होने का सम्मान देने के लिए मेरी गुड़िया का शुक्रिया।"
बेटी को खोने पर छलका दर्द
तान्या ने आगे लिखा, "मैं हमेशा तुम्हारी मां हूं और तुम मेरी सबसे कीमती, प्योर, अंदर से सुंदर, उदार, देखभाल करने वाली, प्यारी और जीवन से भरपूर हो.. मेरी इकलौती बेटी तुम 'मेरे ब्रह्मांड का सूर्य' हो, सबसे अच्छी बेटी हो। दुनिया तुम्हारे बगैर मेरे लिए जीवन बेजान है। अर्थहीन और उद्देश्यहीन है।"
तिशा पर लुटाया प्यार
यही नहीं, उन्होंने आगे लिखा, "मम्मा आपकी ही हैं, हमेशा अनंत काल और उससे भी आगे तक रहेंगी। हमारी आत्माएं सबसे अनमोल बंधन के माध्यम से जुड़ी हुई हैं। मैं तुमसे प्यार करती हूं मेरी जान, सबसे ज्यादा और उससे भी ज्यादा, लेकिन मुझे यकीन है, तुम वापस आओगी, जीने के लिए और अपने सभी सपनों को पूरा करने के लिए।"