साउथ की कुछ फिल्मों को लोकसभा चुनाव 2024 और आईपीएल के चलते नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुछ फिल्में तो ऐसी है, जो पहले दिन एक करोड़ का भी आंकड़ा नहीं छू पाई।
देश में इन दिनों चुनाव और क्रिकेट का माहौल है। लोकसभा चुनाव 2024 के साथ-साथ आईपीएल भी चल रहा है। ऐसे में फिल्मों की कमाई पर असर साफ देखा जा रहा है। खासतौर पर तेलुगु फिल्मों को नुकसान झेलना पड़ रहा है, क्योंकि एक तो वहां चुनाव चल रहा है और दूसरी ओर लोग आईपीएल देखने में भी व्यस्त है। सिनेमाघरों में बहुत कम भीड़ दिखाई दे रही है। पिछले शुक्रवार को जो फिल्में रिलीज हुई थी, वे कुछ खास कारोबार नहीं कर पाई।
विज्ञापन
बुरे दौर से गुजर रही है साउथ फिल्म इंडस्ट्री
अभिनेता सत्यदेव की फिल्म 'कृष्णम्मा' की खूब चर्चा थी, लेकिन थिएटर में पहुंचते ही सब धरा का धरा रह गया। वहीं, नारा रोहित की फिल्म 'प्रतिनिधि 2' का भी यही हाल देखने को मिला है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि, इनके अलावा दो और फिल्में- 'आरंभम' और 'सत्या' पर भी चुनाव और आईपीएल का असर देखने को मिल रहा है। जाहिर है कि टॉलीवुड जगत में निराशा का माहौल है। हालांकि, चुनाव खत्म होते ही फिल्मों के कारोबार में तेजी देखने को मिल सकती है, क्योंकि कई बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली है।
हैरान कर देंगे कमाई के आंकड़ें
सैकल्निक के मुताबिक, 'कृष्णम्मा' ने अभी तक केवल 1.28 करोड़ की ही कमाई की है, जोकि बेहद कम है। वहीं, 25 अप्रैल 2024 को रिलीज हुई 'प्रतिनिधि 2' एक करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू पाई है। 'आरंभम' पहले दिन बस 0.06 करोड़ की कमा पाई और सत्या ने तो बस 0.01 करोड़ का ही कारोबार किया। इन आकंड़ों से साफ पता चल रहा है कि निर्माताओं पर क्या गुजर रही होगी।
चुनाव के बाद रिलीज होगी ये बड़ी फिल्में
4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे। इसके बाद 27 जून को प्रभास, दीपिका पादुकोण, कमल हासन और अमिताभ बच्चन की फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' रिलीज होगी। अगस्त महीने में अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की 'पुष्पा 2' रिलीज होगी। वहीं, 10 अक्टूबर को जूनियर एनटीआर की फिल्म 'देवरा: पार्ट 1' रिलीज होगी। इन सभी फिल्मों से साउथ फिल्म इंडस्ट्री को काफी उम्मीदें हैं।