सोनाली बेंद्रे नब्बे के दशक की काफी मशहूर और खूबसूरत अदाकारा हैं। उन्होंने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में की हैं। वह उस वक्त की व्यस्ततम अभिनेत्रियों में से एक थीं। उन्होंने उस वक्त के कई बड़े अभिनेताओं के साथ सुपरहिट फिल्में दी हैं। उन्हें आज भी फिल्म 'सरफरोश', 'दिलजले' और 'मेजर साब' के लिए याद किया जाता है। सोनाली फिलहाल अपनी वेब सीरीज 'द ब्रोकेन न्यूज' के दूसरे सीजन को लेकर चर्चा में हैं।
'द ब्रोकेन न्यूज' के दूसरी सीजन में आएंगी नजर
सोनाली बेंद्रे ने जी 5 की वेब सीरीज 'द ब्रोकेन न्यूज' से ओटीटी डेब्यू किया था। इसमें 'पाताल लोक' अभिनेता जयदीप अहलावत भी उनका साथ देते हुए नजर आए थे। इस सीरीज में सोनाली ने न्यूंज एंकर की भूमिका निभाई है। इस क्राइम थ्रिलर सीरीज का निर्देशन विनय वैकुल निदर्शेन ने किया था। अब एक बार फिर सोनाली इस सीरीज के दूसरे सीजन से वापसी कर रही हैं। एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेत्री ने फिल्मी करियर के दौरान हुए अनुभवों को साझा किया है। इस दौरान उन्होंने बताया कैसे नब्बे के दशक में मुख्य कलाकारों के अफेयर की अफवाहें उड़ाई जाती थीं।
वजन बढ़ाने का था दबाव
एक इंटरव्यू के दौरान सोनाली ने बताया कि जब वह फिल्मों में आईं तब इंडस्ट्री में पतली अभिनेत्रियों का चलन नहीं था। इस वजह से उन्हें हर निर्माता वजन बढ़ाने को कहते थे। उन्होंने कहा, 'वो लोग मुझे हर वक्त सिर्फ खाने को कहते थे, उनका कहना था कि मैं बहुत पतली हूं'। इस पर आगे बताते हुए उन्होंने कहा कि तब निर्माता अभिनेत्रियों में घुंघराले बाल और कर्वी फिगर चाहते थे। हालांकि, इसके उलट वह पतली और सीधे बालों वाली थीं.
निर्माता उड़ाते थे अफेयर की खबरें
बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उस वक्त अफेयर, लड़ाई आदि की खबरें हमेशा सच्ची नहीं होती थीं। उन्होंने कहा कि नब्बे के दशक के निर्माता जानबूझकर ऐसी अफवाहें फैलाते थे ताकि अपनी फिल्म को लेकर माहौल बना सकें। इसको लेकर उन्होंने कहा, 'आजकल कम से कम कलाकारों से पूछा जाता है कि उनके अफेयर की खबरें फैलने दें या नहीं, लेकिन हमारे वक्त पर ऐसा नहीं था। हमसे पूछा तक नहीं जाता था और ये अफवाहें बाहर उड़ा दी जाती थीं। कलाकारों के पास तब कोई विकल्प नहीं होता था'।
कहानी को आगे बढ़ाएगा दूसरा सीजन
'द ब्रोकेन न्यूज 2' दो मीडिया संस्थान के पात्रों की कहानी है। जिसको विनय वैकुल ने निर्देशित किया है। सीरीज को संबित मिश्रा ने लिखा है। यह सीरीज अपने पहले भाग की कहानी को आगे बढ़ाएगी। नए सीजन में सोनाली बेंद्रे के अलावा, जयदीप अहलावत और श्रिया पिलगांवकर केंद्रीय भूमिकाओं में नजर आएंगे।