सोशल मीडिया पर मदद की लगाई गुहार
अनाया सोनी ने कुछ दिनों पहले ही अस्पताल से अपना एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में वह लोगों से मदद मांगती हुईं नजर आ रही हैं। इस वीडियो के जरिए अनाया सोनी ने अपना दर्द बयां किया और साथ ही बताया कि उन्हें किडनी फेल होने की वजह से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें किडनी ट्रांसप्लांट करवाना पड़ सकता है। अनाया ने कहा कि काश कुछ ऐसा हो जाए और उन्हें किडनी ट्रांसप्लांट न करवानी पड़े। अभिनेत्री ने आगे कहा, 'मैं लोगों का मनोरंजन करना चाहती हूं, पैसे कमाना चाहती हूं और हर उस इंसान की मदद करना चाहती हूं जो अपनी जिंदगी में परेशान है।
लोगों से लेना पड़ा उधार
अपनी आर्थिक हालत को बयां करते हुए इस वीडियो में अनाया सोनी ने आगे कहा,'मुझे आपकी मदद की बहुत अधिक जरुरत है। काम न होने के चलते इतने कम समय में मुझे उधार लेना पड़ा जिसकी वजह से मेरे ऊपर कर्ज हो गया है। मैं उन लोगों की शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मेरी मदद की है। मैं परदे पर वापसी करना चाहती हूं, लेकिन मुझे ये नहीं पता कि ऐसा मैं कब तक कर पाऊंगी। अनाया ने कहा कि इस इजाल में उनकी सारी सेविंग्स खत्म हो चुकी है और वो आर्थिक तंगी से गुजर रही हैं। बता दें कि अनाया नामकरण और क्राइम पेट्रोल जैसे शोज का हिस्सा रह चुकी हैं।