रोहित शेट्टी के शो खतरों के खिलाड़ी में रविवार को शॉकिंग एलिमिनेशन हुआ है। इस बार शो से बाहर हो गई हैं आस्था गिल। शो से एलिमिनेट होने के बाद से ही आस्था सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रही हैं। फैंस ने उनका एलिमिनेशन गलत बताया है। साथ ही श्वेता तिवारी को उनके फैसले के लिए गलत ठहराया है। इतना ही नहीं खुद शो के होस्ट रोहित शेट्टी ने भी श्वेता तिवारी के निर्णय लेने के कौशल की आलोचना की है।
दरअसल प्रतियोगियों को दो टीमों में विभाजित किया गया था। दोनों टीमों के कप्तान श्वेता तिवारी और राहुल वैद्य थे। राहुल वैद्य की टीम में विशाल आदित्य सिंह, अर्जुन बिजलानी, वरुण सूद, महक चहल और निक्की तंबोली थे। वहीं श्वेता तिवारी की टीम में दिव्यांका त्रिपाठी, आस्था गिल, अभिनव शुक्ला, सना मकबूल और अनुष्का सेन थे। कल के एपिसोड में राहुल वैद्य की टीम को 20 नंबर मिले थे जबकि श्वेता तिवारी की टीम को 10 नंबर मिले।