मशहूर टेलीविजन क्विज रिएलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति का 13वां सीजन शुरू होते ही लोगों की पहली पसंद बन चुका है। शो में रोजाना कई कंटेस्टेंट्स अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को प्रसारित हुए एपिसोड में छत्तीसगढ़ की कल्पना सिंह शामिल हुईं। पेशे से प्रिंसिपल कल्पना का स्कूल लॉकडाउन के दौरान राज्य में ऑनलाइन शिक्षा मुहैया कराने वाला पहला स्कूल बना था। शो में अपने शानदार खेल के बदौलत उन्होंने 3 लाख 20 हजार रुपये भी जीते।
हालांकि, शो के अगले पड़ाव में पूछे गए सवाल का गलत जवाब देकर कल्पना 6 लाख 40 हजार रुपये जीतने से चूक गईं। दरअसल, शो के होस्ट अभिनेता अमिताभ बच्चन ने कंटेस्टेंट से पूछा था कि इसमें से किस राजनेता ने अपना करियर स्कूल शिक्षिका के रूप में शुरू किया? इसके लिए कल्पना को चार ऑप्शन दिए गए थे। इसमें सुषमा स्वराज, मायावती, प्रतिभा पाटिल, निर्मला सीतारमण का नाम शामिल था। इसका सही जवाब उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती था।