नील भट्ट और आयशा सिंह स्टारर 'गुम है किसी के प्यार में' घर-घर में देखा जाता है। आज के समय में यह सीरियल 'अनुपमा' के बाद लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। टीआरपी लिस्ट में रूपाली गांगुली अभिनीत शो को कड़ टक्कर देने वाला यह शो आए दिन चर्चाओं में बना रहता है। कभी लगातार शो के ट्रैक में आते ट्विस्ट एंड टर्न्स के कारण तो कभी अपने स्टार्स की निजी जिंदगी की वजह से यह सुर्खियां बटोरता है। लेकिन, आज स्टार प्लस का मशहूर सीरियल 'गुम है किसी के प्यार में' किसी और कारण से चर्चा में है। दरअसल, नील भट्ट, आयशा सिंह और ऐश्वर्या शर्मा स्टारर इस शो के सेट पर भीषण आग लग गई है।
सेट पर लगी आग
मुंबई फिल्मसिटी में धारावाहिक ‘गुम है किसी के प्यार’ के सेट पर भीषण आग लग गई है। गोरेगांव पूर्व स्थित फिल्मसिटी से मिल रही जानकारी के अनुसार इस सेट पर लगी आग आसपास के कई और सेट्स पर फैलती जा रही है। अब तक आग की ‘तेरी मेरी दूरियां’ और ‘अजूनी’ धारावाहिक के सेटों तक पहुंच चुकी हैं। तीनों धारावाहिकों के सेटों पर करीब हजार लोग घटना के वक्त काम कर रहे थे। सूचना पाकर अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। अब तक आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Shah Rukh Khan: 'पठान' में क्या था शाहरुख खान का धर्म? डायरेक्टर के खुलासे से सभी दंग
आग पर काबू पाने की कोशिश
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक धारावाहिक ‘गुम है किसी के प्यार’ के सेट पर एक एक्शन सीन की शूटिंग की जा रही थी जिसमें आग लगाने का सीन था। लेकिन, स्टंट में शामिल तकनीशियनों की लापरवाही के चलते आग ने सेट पर मौजूद दूसरे ज्वलनशील पदार्थों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर आग बुझाने का उचित इंतजाम न होने के चलते ये आग पूरे सेट पर फैल गई। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं।
सामान जलकर हुआ खाक
'गुम है किसी के प्यार में' के सेट पर आग लगते ही अफरातफरी मच गई। इस आग में सीरियल के सेट का काफी सामान जलकर खाक हो गया है। हालांकि, इस भीषण आग के पीछे का कारण पता नहीं लग पाया है और न ही किसी के आहत होने की खबर सामने आई है। शो के सेट पर लगी आग के वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में सेट आग की लपटों में धधकता दिख रहा है। इसके साथ ही लोग इधर-उधर भागते और आग को बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।वीडियोज में काला धुंआ निकलता भी दिख रहा है। सीरियल गुम है किसी के प्यार में के सेट की तस्वीरें देखकर फैंस घबरा गए हैं।
Ileana Dcruz: तमिल फिल्म इंडस्ट्री से क्यों बैन हुईं इलियाना डिक्रूज? मेकर्स ने लगाए गंभीर आरोप
मुकदमा दर्ज किया जाएगा
आल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम लाल गुप्ता ने फिल्म सिटी प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि फिल्म और टेलीविजन सेट पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा का इन दिनों ध्यान नहीं रखा जा रहा है और बिना अग्निशामक यंत्रों के लगाए ही यहां शूटिंग चल रही है। उन्होंने मांग की कि जिन सेटों पर आग लगी है वहां काम कर रहे लोगों की जान जोखिम में डालने के लिए संबंधित निर्माताओँ के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने फिल्म सिटी प्रबंधन पर भी इस मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।