मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस अपने 15वें सीजन की शुरुआत के लिए पूरी तरह तैयार है। इस शो को हर साल की तरह अभिनेता सलमान खान ही होस्ट करेंगे। वहीं, शो के ग्रैंड प्रीमियर से पहले पूर्व-बिग बॉस प्रतियोगी देवोलीना भट्टाचार्जी और आरती सिंह ने मध्य प्रदेश पेंच टािगर रिर्जव में आयोजित शो के लॉन्च प्रोग्राम की मेजबानी की। इस लॉन्च प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिनेता सलमान खान ऑस्ट्रिया से शामिल हुए।
बिग बॉस 15 के शुरू होने की खबर के साथ ही लोग इसमें आने वाले कंटेस्टेंट्स को लेकर अलग-अलग अनुमान लगा रहे हैं। अगले महीने से शुरू होने वाले इस रियलिटी शो को लेकर हर रोज कई सेलेब्स के नाम सामने आ रहे हैं। इसी बीच कलर्स चैनल ने शो के लॉन्च प्रोग्राम के दौरान इस रियलिटी शो में शामिल होने वाले कुछ प्रतिभागियों के नामों की घोषणा की।
चैनल की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक इस शो में बिग बॉस ओटीटी के फर्स्ट और सेकंड रनर अप रहे निशांत भट्ट और शमिता शेट्टी अब इसके टेलीविजन वर्जन का हिस्सा बनेंगे। वहीं, प्रतीक सहजपाल पहले ही इस शो के पहले कंटेस्टेंट बन चुके हैं।
इसके अलावा चैनल ने यह भी बताया कि टीवी एक्ट्रेस डोनल बिष्ट और बिग बॉस 13 फेम आसिम रियाज के बड़े भाई उमर रियाज भी इस सीजन बिग बॉस के घर में बतौर सदस्य एंट्री लेंगे।