सलमान खान के जरिए होस्ट किया जाने वाला रियलिटी शो 'बिग बॉस' अपने 17वें सीजन में शानदार तरीके से आगे बढ़ रहा है। शो की शुरुआत से ही इसमें प्यार, तकरार और फुल ऑन ड्रामा देखने को मिल रहा है। वहीं, लॉक अप विजेता मुनव्वर फारूकी अपने अंदाज से दर्शकों को काफी प्रभावित कर रहे हैं। साथ ही शो में मौजूद सभी कंटेस्टेंट्स, मुनव्वर को एक तगड़ा कॉम्पिटिशन मानने लगे हैं। इसी कड़ी में 'बिग बॉस 17' का नया प्रोमो ताबड़तोड़ वायरल हो रहा है, जिसमें मुनव्वर अकेले दिल वाले मकान के सदस्यों से भिड़ते और उन्हें परेशान करते नजर आ रहे हैं।
प्रोमो में, मुनव्वर फारूकी को कैमरे से बात करते हुए और कैमरे को बताते हुए देखा जा सकता है कि उन्होंने दिल वाले मकान के लोगों के जरिए चुराई गई कॉफी जब्त कर ली है। मुनव्वर के इस एलान से विक्की जैन, ऐश्वर्या शर्मा और अभिषेक कुमार उन पर भड़क उठते हैं। विक्की और अभिषेक को कॉफी जब्त करने के लिए मुनव्वर पर आरोप लगाते देखा जा सकता है, जबकि ऐश्वर्या कॉफी वापस करने के लिए उन पर चिल्लाती नजर आ रही हैं। दूसरी ओर मुनव्वर को इसे हल्के में लेते हुए और कॉफी वापस देने से इनकार करते हुए नाचते देखा जा सकता है।
'बिग बॉस 17' के नए प्रोमो ने दर्शकों को अपकमिंग एपिसोड के लिए काफी ज्यादा उत्साहित कर दिया है। मुनव्वर के एक फैन ने वीडियो पर टिप्पणी कर लिखा है, 'रज्जाक भाई मोड ऑन।' दूसरे ने लिखा है, 'मुन्ना भाई कमाल हैं।' वहीं, एक अन्य लिखते हैं, 'गेम तो अब शुरू हुआ है।'
हाल ही में 'वीकेंड का वार' में सलमान खान ने समर्थ जुरेल और अभिषेक कुमार के साथ उलझे रिश्ते को लेकर ईशा मालविया की जमकर क्लास लगाई। अब, नए प्रोमो के अनुसार, अरबाज खान और सोहेल खान भी समर्थ और अभिषेक को कन्फ्यूज करने पर ईशा की चुटकी लेते देखे जाएंगे। जानकारी हो कि सोनिया बंसल, सलमान खान के शो से बाहर निकलने वालीं पहली प्रतियोगी बनीं और अब हाल ही में वाइल्डकार्ड के रूप में शो में प्रवेश करने वालीं मनस्वी ममगई को दर्शकों से कम वोट मिलने के बाद शो से बाहर कर दिया गया है।