सब टीवी पर आ रहे शो `बालवीर' में भयंकर परी वापस आ गई है। भयंकर परी के रोल में शमां सिकंदर कुछ समय से शो से गायब चल रही थीं।
कुछ दिनों पहले जब 'बालवीर' की भयंकर परी यानि शमां सिकंदर सीरियल से नदारद हुईं, तो दर्शक उनकी हंसी के लिए तरस गए थे।
भयंकर परी को सीरियल में जल्द से जल्द वापसी करने के मैसेज आने लगे। एक तो परी और उस पर भयंकर, दर्शक इस खूबसूरत मेल को खूब पसंद करते हैं और खासतौर पर तौबा-तौबा को उनका मारा जाने वाला थप्पड़।
पर्दे पर बालवीर को खत्म करने की चेतावनी देने वाली भयंकर परी शॉट्स पूरे होते ही बालवीर के साथ खूब मस्ती करती है। छोटे बच्चे भी उनसे झट से दोस्ती कर लेते हैं।
सीरियल के सेट पर जो रुतबा भयंकर परी को हासिल है, उसे देखकर उन्हें वाकई कभी-कभी परी होने का अहसास होने लगता है। शो से कुछ दिन गायब रहने और फिर वापसी के सवाल पर शमा काफी कुछ अनकहा छोड़ देती हैं।
कहती हैं, `मैं कुछ रोमांटिक टाइप के शूट में व्यस्त थी जिसके बारे में आपको जल्द पता चल जाएगा'। छोटे पर्दे पर सीरियल करने से पहले शमा बॉलीवुड में भी किस्मत आजमा चुकी हैं, लेकिन तब बात कुछ खास बनी नहीं थी।
जिंदादिल शमा का मानना है कि 'बॉलीवुड के बदले माहौल, फिल्मों में हो रहे प्रयोग, कहानियों के बढ़ते दायरों, आम इंसानों जैसे किरदारों और उम्र की सीमाएं खत्म होने से मुझे एक बार फिर बॉलीवुड में बेहतर भविष्य नजर आ रहा है।
छोटे पर्दे पर लंबे वक्त से काम कर रही हूं और मुझे अच्छा-खासा तजुर्बा हो गया है। किसी भी तरह का चैलेंजिंग रोल मैं बखूबी निभा सकती हूं। वैसे नाच-गाने और मस्ती करने वाले रोल भी मुझे अच्छे लगते हैं'।
वह आगे कहती हैं, 'मेरी इच्छा विक्रम भट्ट और अनुराग कश्यप जैसे निर्देशकों के साथ काम करने की है। यश चोपड़ा के साथ एक शो करने के बाद मैं चाहती थी कि उनकी फिल्म में काम जरूर करूं, लेकिन यह ख्वाहिश अधूरी ही रह गई'।
कामयाबी के लिए जोड़तोड़ से दूर रहने वाली शमां की इच्छा भविष्य में अपने प्रोडक्शन हाउस की है। जिसमें वे कुछ बेहतरीन फिल्में बनाएंगी'।