स्टार प्लस का शो 'अनुपमा' पिछले कुछ समय से सुर्खियां बटोर रहा है, जिसका नेतृत्व रूपाली गांगुली कर रही हैं। यह शो पिछले चार सालों से दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है और लगातार टीआरपी चार्ट पर भी नंबर वन बना हुआ है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में यह शो चर्चा का विषय बन गया है, जब से शो में विलेन का किरदार निभाने वाले वनराज शाह यानी की सुधांशु पांडे ने शो से एग्जिट लिया था। अब खबर आई है कि सुधांशु के बाद 'अनुपमा' की एक और कलाकार शो को अलविदा कहने वाली हैं।
शो को अलविदा कहेंगी 'डिंपी'
टीआरपी में अपनी जगह पक्की करने के लिए 'अनुपमा' के निर्माता राजन शाही शो में 15 साल का लीप लाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में शो में 'डिंपी' की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री निशि सक्सेना शो से एग्जिट हो जाएंगी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस लीप के बाद दर्शकों को शो में कुछ नए चेहरे भी देखने को मिलेंगे। हालांकि, शो में अनुपमा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री रुपाली गांगुली और अनुज का रोल करने वाले गौरव खन्ना शो में पहले की तरह बने रहेंगे।
ऐसे खत्म होगा 'डिंपी' का किरदार
'अनुपमा' शो के एक सूत्र का कहना है कि मेकर्स शो से 'डिंपी' का किरदार पूरी तरह से खत्म करने वाले हैं और वह दोबारा शो में नजर नहीं आएंगी। शो में 'डिंपी' के किरदार को एक भयानक एक्सीडेंट से गुजरना होगा और बाद में उनकी मौत हो जाएगी। खबरों की मानें तो मेकर्स का मानना है कि लीप के बाद दर्शक आगे की कहानी से ज्यादा प्रभावित होंगे और शो को पसंद करेंगे।
पहले ही मेकर्स ला चुके हैं लीप
हालांकि, मेकर्स ने आधिकारिक रूप से इस बात की पुष्टि नहीं की है क्योंकि शो में पहले ही दो बड़े लीप आ चुके हैं। शो में अनुपमा और अनुज के शादी के प्रपोजल का सेगमेंट चल रहा है। अनुपमा की बेटी आध्या से भी सारे मनमुटाव खत्म हो गए हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि डिंपी के शो को अलविदा कहने के बाद शो की टीआरपी पर कोई फर्क पड़ता है या नहीं।