निर्देशक सुधीर मिश्रा अपनी वेब सीरीज 'तनाव' को लेकर सुर्खियों में हैं। इसका दूसरा सीजन हाल ही में रिलीज हुआ है। एक हालिया साक्षात्कार में सुधीर मिश्रा ने सिनेमा के प्रति अपने प्यार को लेकर बातचीत की है। उन्होंने कहा कि सिनेमा की देवी उनके लिए सब कुछ है और उन्होंने कई बार जान बचाई है।
विज्ञापन
सिनेमा की देवी को नाराज करना अपवित्र
सुधीर मिश्रा ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि उनका मानना है कि सिनेमा की देवी को नाराज करना अपवित्र है। यदि आप सिनेमा की देवी से प्यार करेंगे तो वो भी आपसे प्यार करेंगी। उन्होंने कहा कि अगर वो देवी नहीं होतीं तो वो जिंदा नहीं होते। उन्होंने कहा कि सिनेमा की देवी ने रचनात्मक कामों में उन्हें राह दिखाई हैं।
सिनेमा नाम की प्यारी ऊर्जा का सम्मान करता हूं
सुधीर ने कहा कि मैं सिनेमा नाम की प्यारी ऊर्जा का सम्मान करता हूं। मेरे जीवन का एक ही नियम है कि इस ऊर्जी का कभी अनादर नहीं करना चाहिए। अगर आप इसका सम्मान करेंगे, तो एक अच्छे इंसान बनेंगे। उन्होंने कहा कि वो केवल कहानी कहने के धर्म का पालन करते हैं।
फिल्म बनाना जारी रखूंगा
फिल्मों को लेकर सुधीर मिश्रा ने कहा कि वो फिल्म बनाना जारी रखेंगे और जब तक जिंदा हैं, सिनेमा के क्षेत्र में ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि वो हर फिल्म को ऐसे देखते हैं, जैसे उनकी पहली फिल्म हो। वो किसी भी युवा आदमी जितने ही आधुनिक हैं। उन्होंने कहा कि एआई के युग में, जिन लोगों को बढ़िया स्क्रिप्ट लिखना नहीं आता है, उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।