कार्यक्रम बीच में छोड़कर बाहर निकले सिद्धार्थ
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, सदस्यों ने सिद्धार्थ से कहा कि यह उनके लिए अपनी फिल्म का प्रचार करने का सही समय नहीं है, क्योंकि कर्नाटक तमिलनाडु के साथ कावेरी जल को लेकर संघर्ष कर रहा है। इस विरोध प्रदर्शन के बाद सिद्धार्थ मीडिया को संबोधित किए बिना प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर बाहर चले गए।
घटना का वीडियो आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में कथित कन्नड़ समर्थक समूह के सदस्यों को इस आयोजन का विरोध करते देखा जा सकता है। हालांकि, सिद्धार्थ शुरुआत में शांत होकर बैठे रहे, फिर वह खड़े हुए, हाथ जोड़कर सभी को धन्यवाद दिया और बाहर चले गए। बता दें कि यह विरोध कावेरी जल नियामक समिति (सीडब्ल्यूआरसी) द्वारा कर्नाटक सरकार को 18 दिनों के लिए तमिलनाडु को 3,000 क्यूसेक (क्यूबिक फीट प्रति सेकंड) कावेरी पानी जारी करने की सिफारिश के कुछ दिनों बाद किया गया है। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अब इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है।
इस दिन पर्दे पर दस्तक देगी चिक्कू
सिद्धार्थ की फिल्म चिक्कू की बात करें तो फिल्म का निर्देशन एसयू अरुण कुमार ने किया है। यह एक पारिवारिक ड्रामा है। कथित तौर पर यह फिल्म एक ऐसे शख्स के बारे में है जो अपनी खोई हुई भतीजी को ढूंढने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। सिद्धार्थ फिल्म में न सिर्फ मुख्य भूमिका निभा रहे हैं बल्कि इसे प्रोड्यूस भी कर रहे हैं। चिक्कू 28 सितंबर, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।