अभिनेता सत्यदेव कांचराना की अगली फिल्म 'कृष्णम्मा' रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार है। फिल्म सिनेमाघरों में पहुंचे, इससे पहले ही निर्माता एक प्री-रिलीज कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहे हैं। इसमें दक्षिण भारतीय फिल्मों के कई बड़े निर्देशक शामिल होंगे।
विज्ञापन
1 मई, 2024 को आयोजित होगा प्री-रिलीज कार्यक्रम
'कृष्णम्मा' के प्री-रिलीज कार्यक्रम की जानकारी खुद अभिनेता सत्यदेव ने दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा करके इसके बारे में बताया है। फिल्म का प्री-रिलीज कार्यक्रम 1 मई, 2024 को हैदराबाद स्थित एक होटल में आयोजित किया जाएगा।
ये निर्देशक बढ़ाएंगे कार्यक्रम की शोभा
'कृष्णम्मा' के प्री-रिलीज कार्यक्रम में कई बड़े-बड़े डायरेक्टर हाजिरी लगाएंगे। इनमें एसएस राजामौली, गोपीचंद मालिनेनी, अनिल रविपुडी, सुकुमार और कोराटाला शिवा शामिल हैं। अक्सर ये निर्देशक फिल्मों के प्री रिलीज इवेंट में शामिल होते रहते हैं।
10 मई, 2024 को होगी रिलीज
'कृष्णम्मा' का निर्देशन वीवी गोपाल कृष्ण ने किया है। यह एक एक्शन ड्रामा फिल्म है। दर्शकों को उम्मीद है कि उन्हें जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। फिल्म 10 मई, 2024 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसमें सत्यदेव के अलावा लक्ष्मण मिसाला, अतिरा राज, नंदगोपाल और रघु कुंचे अभिनय करते नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण अरुणाचल क्रिएशंस के बैनर तले कृष्णा कोमलपति ने किया है। फिल्म में काल भैरव का संगीत सुनने को मिलेगा।
क्या है फिल्म की कहानी
'कृष्णम्मा' में तीन दोस्तों की कहानी देखने को मिलेगी, जिनका पुलिस और नेता उत्पीड़न करते हैं। इससे तंग आकर वे बदला लेने की ठान लेते हैं, ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके। सत्यदेव के फैंस फिल्म के एक्शन सीन को काल भैरव की धुनों के साथ देखने के लिए काफी उत्सुक है।