सलीम खान व जावेद अख्तर की दोस्ती के बारे में हर किसी को पता होगा। दोनों के सिनेमाई जादू को फिर से जीने का मौका मिलेगा। साल 1970 के दशक में शोले, जंजीर, दीवार, यादों की बारात और डॉन जैसी सबसे बड़ी बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्मों के पीछे इन दोनों महान पटकथा लेखक की जोड़ी का हाथ है। प्राइम वीडियो इंडिया जल्द ही एक एंग्री यंग मेन नाम की एक डॉक्यूसीरीज लेकर आ रहा है। इसमें लेखक जोड़ी सलीम खान और जावेद अख्तर की शानदार किस्सों की पूरी कहानी प्रसारित होगी।
आज इस प्रोजेक्ट का ट्रेलर जारी होने वाला है। सलीम खान के बेटे और बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और जावेद अख्तर के बच्चे फिल्म निर्माता फरहान अख्तर और जोया अख्तर, जो जावेद अख्तर के बच्चे हैं। ये सभी आज मंगलवार को ट्रेलर लॉन्च में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में रितेश सिधवानी, रीमा कागती, निर्देशक नम्रता राव और प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग निदेशक मनीष मेंघानी भी उपस्थित रहेंगे। इससे पहले सलमान ने इस डॉक्यूसीरीज को अपने पिता और अख्तर की विरासत बताते हुए खुशी जाहिर की थी।
सलमान खान ने कहा, 'मैं उन्हें भविष्य में फिर से साथ काम करते देखना चाहता हूं और मुझे लगता है कि इन दोनों के प्रशंसक भी ऐसा ही चाहते होंगे। उनकी साझेदारी हमेशा सर्वश्रेष्ठ लाती है। एंग्री यंग मेन उनकी रचनात्मक प्रतिभा और भारतीय सिनेमा पर उनके गहन प्रभाव के लिए एक श्रद्धांजलि है। यह दो सुपरस्टार लेखकों के दिल और दिमाग में एक व्यावहारिक यात्रा है, जिन्होंने कहानी कहने के परिदृश्य को हमेशा के लिए बदल दिया।’
सलमान खान फिल्म्स, एक्सेल मीडिया एंड एंटरटेनमेंट और टाइगर बेबी द्वारा निर्मित डॉक्यूसीरीज एंग्री यंग मेन का कार्यकारी निर्माण सलमान खान के साथ सलमा खान, रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर, जोया अख्तर और रीमा कागती ने किया गया है। सलीम खान और जावेद अख्तर ने 22 बॉलीवुड फिल्मों के साथ-साथ दो कन्नड़ फिल्मों में भी साथ में काम किया। ये सीरीज एंग्री यंग मेन 20 अगस्त को रिलीज होगी।