अवंतिका हॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं। वे इस विषय में बात करते हुए कहती हैं, 'मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मैं भारत का नाम रौशन कर पा रहीं हूं।'
भारतीय मूल की अभिनेत्री अवंतिका इन दिनों हॉलीवुड में सुर्खियां बटोर रही हैं। उनकी आगामी फिल्म 'मीन गर्ल्स' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। अवंतिका इस फिल्म में एक अहम किरदार निभाती नजर आएंगी। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अवंतिका हॉलीवुड में भारतीय अभिनेत्रियों की मौजूदगी पर खुल कर बातें करती नजर आईं।
विज्ञापन
भारतीय अभिनेत्रियां बिखेर रहीं हैं जलवा
अवंतिका का जन्म कैलिफोर्निया में एक भारतीय परिवार में हुआ है। फिल्म 'मीन गर्ल्स' के पहले भी वे एक तेलुगु फिल्म 'ब्रह्मोत्सवम' में अभिनय कर चुकी हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेत्री ने कहा, 'जब भी मैं किसी भारतीय मूल की अभिनेत्री को हॉलीवुड में काम करते देखती हूं तब मुझे काफी खुशी होती है। मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मैं भारत जैसे देश से जुड़ी हुई हूं। यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और अब इस बात को दुनिया भी देख रही है।'
'थ्री इडियट्स' है पसंदीदा फिल्म
19 साल की अवंतिका अपनी आने वाली फिल्म 'मीन गर्ल्स' को लेकर काफी उत्साहित हैं। वे कहती हैं, 'मैं हमेशा से फिल्मों में काम करना चाहती थी। जब मैं छोटी थी तब मैंने 'थ्री इडियट्स' देखी थी। उस फिल्म को देखकर पहली बार मुझे लगा था कि मैं फिल्मों में काम करना चाहती हूं। मानवीय संवेदनाओं को इस फिल्म में काफी खूबसूरती से दिखाया गया है। 'थ्री इडियट्स' मेरी पसंदीदा फिल्मों में से एक फिल्म है।'
खुद पर है गर्व
अवंतिका हॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं। वे इस विषय में बात करते हुए कहती हैं, 'मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मैं भारत का नाम रौशन कर पा रहीं हूं। मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मुझे प्रियंका चोपड़ा और सिमोन एशली के समकक्ष रखा जा रहा है। वो दिन दूर नहीं है जब भारतीय अभिनेत्रियां हॉलीवुड में भी राज करेंगी।'