देश में अपनी कॉमेडी से दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने वाले कपिल शर्मा इन दिनों अपने आगामी कॉमेडी शो को लेकर चर्चा में चल रहे हैं। कॉमेडियन ने सालों से अपनी मंडली के साथ टीवी पर 'द कपिल शर्मा शो' के जरिए लोगों को गुदगुदाने का काम किया है। इसी साल जुलाई में 'द कपिल शर्मा शो' का चौथा सीजन खत्म हुआ था। इसके बाद दर्शक कॉमेडियन के शो के अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पिछले दिनों बीच कपिल ने अपने अगले शो की घोषणा कर दी थी। अब कॉमेडियन ने फैंस को अपनी टीम से रूबरू करवाया है।
एक बार फिर जमेगी कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर की जोड़ी
कपिल शर्मा के नए कॉमेडी शो का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें कॉमेडियन को यह कहते सुना जा रहा था कि घर बदला है, परिवार नहीं। कपिल ने इस घोषणा के साथ अर्चना पूरन सिंह, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और राजीव ठाकुर के साथ देखा गया था। ऐसे में फैंस भी कपिल के शो की नई टीम को देखने का बेसब्री से इंतजार कर रही थी। अब कपिल ने कुछ तस्वीरें साझा कर फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दे दी है।
वीडियो साझा कर किया एलान
नेटफ्लिक्स द्वारा हाल ही में जारी किए गए एक वीडियो में, कपिल को अपने प्रशंसकों के लिए अब तक के सबसे बड़ा और खास तोहफा देते देखा गया है। सुनील ग्रोवर नेटफ्लिक्स पर आगामी कॉमेडी शो के लिए कपिल के साथ फिर से जुड़ेंगे। कपिल ने एक तस्वीर के साथ इस खबर की आधिकारिक पुष्टि की है। साथ ही तस्वीर के कैप्शन में लिखा, 'अब परिवार पूरा हुआ'।
यूजर्स के मिले सकारात्मक रिएक्शन
कपिल शर्मा के इस प्रोमो को दर्शकों की खूब सराहना मिल रही है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए कहा, 'एक बार फिर कपिल और सुनील ग्रोवर को स्क्रीन पर देखने में काफी मजा आएगा।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'लगता है टीवी से पत्ता कट गया है। अब पैसे देकर शो देखना पड़ेगा।' एक और यूजर ने कहा, 'अब देखना है कि इस नए शो में कपिल कौन सा नया धमाल करने वाले हैं।'