फिल्म ‘स्पाइडरमैन: नो वे होम’ को लेकर बीते कई महीनों से सोशल मीडिया पर बातें हो रही हैं। कहा जा रहा है कि इस फिल्म में हाल के दिनों के तीनों स्पाइडरमैन दिखने वाले हैं और इस बात को बल इससे भी मिल रहा है क्योंकि फिल्म के ट्रेलर में इसके तीन विलेन दिख रहे हैं। अलग अलग कालखंडों के इन खलनायकों की कहानी मौजूदा समय के स्पाइडरमैन से कैसे मिलती है और कैसे अलग अलग कालखंडों को इस फिल्म की कहानी एक सूत्र में जोड़ती है, इसे लेकर स्पाइडरमैन के प्रशंसकों के बीच सोशल मीडिया पर लगातार कहानियां बन रही हैं।
दुनिया भर में फिल्म ‘स्पाइडरमैन: नो वे होम’ के बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद इसकी एडवांस बुकिंग से बनती दिख रही है। अब तक सामने आए आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में भी मार्वल की इस साल रिलीज हुई फिल्मों ‘शानची- द लेजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ और ‘इटर्नल्स’ के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कोरोना की दूसरी लहर के बाद खुले सिनेमाघरों में फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज से पहले इन्हीं दोनों फिल्मों ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक वापस लाने का काम किया था।