क्वांटास ने सिडनी से जापान जा रहे एक विमान में एक अश्लील फिल्म चलाए जाने के बाद यात्रियों से माफी मांगी है। हनेडा की उड़ान में यात्रियों को डकोटा जॉनसन अभिनीत 2023 की फिल्म 'डैडियो' की शुरुआत दिखाई गई। फिल्म को अमेरिका में भाषा, यौन कंटेंट और नग्नता के लिए आर रेटिंग दी गई है और ऑस्ट्रेलिया में इसे असभ्य भाषा और नग्नता के लिए एमए15प्लस रेटिंग दी गई है।
यात्रियों में दिखा आक्रोश
जानकारी के अनुसार, तकनीकी समस्याओं के कारण व्यक्तिगत फिल्म का चयन उपलब्ध नहीं था, इसलिए कुछ यात्रियों के अनुरोध के बाद, चालक दल ने उड़ान के दौरान फिल्म चलाने का फैसला किया। एक बार जब यात्रियों को फिल्म के कंटेंट का एहसास हुआ, तो चालक दल के सदस्यों ने इसे बंद कर दिया और स्क्रीन पर बच्चों की फिल्म लगा दी। उड़ान के बाद कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अनुभव साझा किया। आक्रोश को बढ़ता देखकर क्वांटास को माफीनामा जारी करना पड़ा।