गिप्पी ग्रेवाल के पिता उन्हें गायक बनाना चाहते थे। गिप्पी ग्रेवाल कहते हैं, 'मेरे पापा का सपना था कि मैं गायक बनूं, लेकिन हमारे पास इतने पैसे नहीं थे कि हम अपना म्यूजिक वीडियो निकाल सके'।
पंजाबी गायक-अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री को उन्होंने कई हिट फिल्में दी हैं, लेकिन गिप्पी ग्रेवाल के लिए यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान वे पुराने दिनों को याद करते नजर आए। उन्होंने उसी इंटरव्यू के दौरान अपनी जिंदगी के सबसे बड़े पछतावा का भी खुलासा किया।
विज्ञापन
पुश्तैनी जमीन बेचनी पड़ी
गिप्पी ग्रेवाल पंजाब में बिताए गए अपने बचपन को याद करते हुए कहते हैं, 'मैं कोई पंद्रह-सोलह साल का था तब मेरे पिता जी लकवे का स्ट्रोक मार गया। हम किसान परिवार से आते थे तो हमारे पास पैसे उतने थे नहीं इसलिए हमें हमारी पुश्तैनी जमीन बेचनी पड़ी, लेकिन पिता जी फिर भी ठीक नहीं हुए। अपने जीवन के दो साल मैंने सिर्फ हॉस्पिटल में बिताया है'।
पिता का सपना पूरा किया
गिप्पी ग्रेवाल के पिता उन्हें गायक बनाना चाहते थे। गिप्पी ग्रेवाल कहते हैं, 'मेरे पापा का सपना था कि मैं गायक बनूं, लेकिन हमारे पास इतने पैसे नहीं थे कि हम अपना म्यूजिक वीडियो निकाल सके। एक म्यूजिक वीडियो निकालने के लिए उन दिनों कम से कम पांच लाख रूपये लगते थे और तब हमारे पास इतने रुपये नहीं था'।
एक पछतावा रहेगा हमेशा
गिप्पी ग्रेवाल अपनी बात जारी रखते हुए कहते हैं, 'मैं गायक बना और आज फिल्में भी कर रहा हूं, लेकिन एक बात जो मेरे जहन में हर वक्त चलती है वो ये कि पापा मेरी सफलता नहीं देख पाए। वे मुझे गायक बनते हुए देखना चाहते थे। साल 2003 में वे हमें छोड़ कर चले गए। जब पापा थे तब वे मुझे काफी सराहते थे। मुझे बताते थे कहां मैं सही कर रहा हूं और कहां गलत। मैं अपने बच्चों को उनके बारे में सबकुछ बताता रहता हूं। मैं चाहता हूं कि वे जान सके कि उनके दादा जी कैसे थे'।