लंबे समय तक फैंस से दूर नहीं रहना चाहते फवाद
अभिनेता ने पीटीआई को दिए साक्षात्कार में बताया कि मैं हमेशा उन प्रशंसकों का बहुत आभारी रहा हूं,जिन्होंने मेरा इंतजार किया है और मैं उन्हें इतने लंबे समय तक इंतजार कराने के लिए माफी चाहता हूं,लेकिन यह मेरे हाथ में नहीं था।मेरा दृढ़ विश्वास है कि हर चीज का अपना समय होता है। आप कहते हैं कि दूरी दिल को और भी करीब ला देती है, लेकिन हमारे यहां एक और कहावत भी है कि आंख ओझल, पहाड़ ओझल, जिसका मतलब है नजर से ओझल, दिमाग से दूर। ऐसा भी होता है।'
कई शो-फिल्मों में किया काम
शो ‘बरजख’ में उन्होंने ‘जिंदगी गुलजार है’ की अपनी सह-कलाकार सनम सईद के साथ वापसी की है और इसके ट्रेलर ने हलचल मचा दी थी। इसकी स्ट्रीमिंग शुक्रवार से जिंदगी के यूट्यूब चैनल और जी5 पर शुरू हो गई है। अभिनेता को 'दास्तान', 'हमसफर' और 'जिंदगी गुलजार है' से खूब लोकप्रियता मिली। इसके बाद उन्होंने हिंदी फिल्में 'खूबसूरत', 'कपूर एंड सन्स' और 'ऐ दिल है मुश्किल' कीं। उस समय भारत-पाकिस्तान के तनावपूर्ण संबंधों के कारण उनका बॉलीवुड करियर आगे नहीं बढ़ सका। हालांकि, पाकिस्तान के सबसे मशहूर अभिनेताओं में से एक फवाद ने अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट और कई पाकिस्तानी शो और फिल्में भी की हैं।
बॉलीवुड में वापसी करेंगे फवाद
रिपोर्ट्स के अनुसार, फवाद खान करीब आठ साल बाद बॉलीवुड में वापसी की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री वाणी कपूर भी होंगी। मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में अपनी भूमिका के लिए मशहूर फवाद खान का नया प्रोजेक्ट गोपनीय है। निर्माता यू.के. में फिल्मांकन शुरू होने से ठीक पहले विवरण का खुलासा करने की योजना बना रहे हैं, जिसका निर्देशन आरती बागड़ी करेंगी। आगामी रोमांटिक कॉमेडी, जिसका शीर्षक अभी तय नहीं हुआ है। यह फिल्म दो टूटे हुए व्यक्तियों की कहानी बताएगी, जो संयोग से एक साथ आते हैं, एक-दूसरे का साथ देते हैं और आखिर में एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाते हैं। यह फिल्म ईस्टवुड स्टूडियोज का पहला अंतर्राष्ट्रीय सहयोग है। इस खबर से भारत में फवाद खान के प्रशंसकों में काफी उत्साह है।