डॉली अहलूवालिया ने अपने अभिनय करियर में कई दिलचस्प भूमिकाएं निभाई हैं। वे जिस भी किरदार को जीती हैं उसी किरदार के रंग में रंग जाती हैं। हाल ही में एक साक्षात्कार के दौरान अभिनेत्री अमिताभ बच्चन के संग अपने काम के अनुभव को साझा करती नजर आईं। साथ ही साथ वे अपनी उस फिल्म के बारे में बात करती दिखीं जो आज तक रिलीज नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
अमिताभ हैं वक्त के पाबंद
डॉली अहलूवालिया अमिताभ बच्चन के संग शूटिंग के अनुभव के बारे में बातें करते हुए कहती हैं, 'अमिताभ बच्चन इतने बड़े स्टार हैं, लेकिन वे सेट पर सबसे पहले पहुंच जाते थे। वे जो सम्मान फिल्म के क्रू और लाइट बॉयज को देते थे वह सीखने वाली बात है। उनमें जरा भी ईगो नहीं है। आज की तारिख में अमिताभ बच्चन जैसा होना मुश्किल है। वह सेट पर सभी को इज्जत देते थे'।
मनाली में क्रू के लिए करवाया था टेंट का इंतजाम
डॉली अहलूवालिया अपनी बात जारी रखते हुए कहती हैं, ' हम 'शूबाइट' की शूटिंग मनाली में कर रहे थे। एक दिन अचानक ही बर्फबारी शुरू हो गई। अमिताभ जी के लिए विशेष तंबू बनाया गया। जब उन्होंने यह देखा तो पूछे बाकियों के लिए टेंट कहां है। इनके लिए भी टेंट की व्यवस्था करें और इन्हें भी अंगीठी दीजिए। यह सिर्फ अमिताभ बच्चन ही कर सकते हैं'।
'शूबाइट' को है रिलीज का इंतजार
फिल्म 'शूबाइट' का निर्देशन शूजीत सरकार ने किया है लेकिन आज भी यह रिलीज नहीं हो पाई है। इसी फिल्म में डॉली ने अमिताभ बच्चन के संग काम किया था। डॉली अहलूवालिया फिल्मों काम करने के अलावा 'बैंडिट क्वीन', 'वॉटर', 'आजा नचले' और 'रॉकस्टार' जैसी लोकप्रिय फिल्मों के लिए पोशाक भी डिजाइन किया है।