निर्देशक बिजॉय नांबियार की फिल्म 'दंगे' रिलीज के लिए तैयार है। हाल ही में, इस फिल्म के ट्रेलर को रिलीज किया गया। दर्शकों को इस फिल्म का ट्रेलर काफी पसंद आ रहा है। वहीं, मेकर्स ने दर्शकों के उत्साह को दोगुना करने के लिए आज इस फिल्म के दूसरे गाने को भी रिलीज किया है। सोशल मीडिया पर 'दंगे' का यह गाना खूब वायरल हो रहा है।
'ये पल हैं अपने'
फिल्म 'दंगे' के मेकर्स ने आज इस फिल्म के दूसरे गाने को रिलीज किया है। प्यार के खूबसूरत पलों से सजे इस गाने को विश्वदीप ने लिखा है। वहीं, प्रतिभाशाली संगीतकार ध्रुव विश्वनाथ ने 'ये पल हैं अपने' के लिए संगीत तैयार किया है। यह गाना प्यार की खूबसूरती को बयां करता है। 'दंगे' के इस गाने को तमिल भाषा में भी रिलीज किया जाएगा। इस गाने के तमिल अनुवाद को विग्नेश श्रीकांत ने लिखा है और कपिल कपिलन ने इसे अपने आवाज से सजाया है।
रोमांस बयां करता है
'ये पल हैं अपने' एक रोमांटिक गाना है। आने वाले दिनों में यह गाना प्रेमी जोड़ों का पसंदीदा ट्रैक बनने वाला है। प्यार के अलग-अलग रंगों से सजे इस गाने में हर्षवर्द्धन राणे, एहान भट, निकिता दत्ता और टीजे भानु अपनी अदाकारी का कमाल दिखाते नजर आ रहे हैं। गाने के वीडियो में समुंदर और पहाड़ी दृश्यों को काफी खूबसूरती से फिल्माया गया है। 'ये पल हैं अपने' प्यार के पलों को सहेज कर रख लेने की बात करता है।
फिल्म की कहानी
निर्देशक बिजॉय नांबियार फिल्म 'दंगे' को हिंदी और तमिल भाषा दोनों भाषा में बना रहे हैं। इस फिल्म में हर्षवर्द्धन राणे, एहान भट, निकिता दत्ता और टीजे भानुबनी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के ट्रेलर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि 'दंगे' की कहानी दो दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। जो जिंदगी के एक खास मोड़ पर एक दूसरे के खिलाफ नजर आते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 'दंगे' बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है।