कॉमेडियन और मशहूर अभिनेता रिचर्ड लुईस का निधन हो गया है। अभिनेता के निधन की पुष्टि उनके प्रवक्ता जेफ अब्राहम ने की। उन्होंने 76 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। जेफ अब्राहम ने बताया कि बीते मंगलवार की रात रिचर्ड लुईस को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्होंने अपने लॉस एंजिल्स स्थित घर में दम तोड़ दिया।
कॉमेडी की दुनिया में बनाई खास पहचान
बीते साल अप्रैल में रिचर्ड लुईस ने बताया था कि वे पार्किंसंस रोग से जूझ रहे थे। अभिनेता को कॉमिक किरदारों और उनकी कॉमेडी के लिए जाना जाता था। उन्होंने 1974 में 'द टुनाइट शो स्टारिंग जॉनी कार्सन' से अपने करियर की शुरुआत की थी और जल्द ही कॉमेडी की दुनिया में अपनी खास पहचान बना ली थी। रिचर्ड लुईस ने कई वर्षों तक 'कर्ब योर एंथोसिएसं' में अपने दोस्त लैरी डेविड के साथ खुद की भूमिका निभाई है। लोगों के बीच यह सीजन खूब लोकप्रिय हुआ था।
टीवी से लेकर फिल्मों तक का सफर
1980 के दशक में रिचर्ड ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने सिटकॉम 'एनीथिंग बट लव' में जेमी ली कर्टिस के साथ अभिनय किया, मेल ब्रूक्स की फिल्म कॉमेडी 'रॉबिन हुड: मेन इन टाइट्स' में प्रिंस जॉन की भूमिका निभाई। वहीं 1995 में उन्होंने फिल्म 'ड्रंक्स' में एक शराबी का किरदार निभाया।
Kaagaz 2: स्मृति ने सतीश कौशिक के साथ काम करने का अनुभव किया साझा, दिवंगत अभिनेता की याद में कही यह बात