शायद कम ही लोग ये बात जानते होंगे की टेरेंस ने गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने 'वर्ल्ड्स लारजेस्ट फोटोबुक' का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। दरअसल, बिग बाजार एंथम 'द डेनिम डांस' में काम करने के बाद टेरेंस ने सोशल मीडिया पर अपना डेनिम डांस फोटो शेयर करने को कहा था। ऐसे करके उन्होंने दुनिया का सबसे बड़ा फोटोबुक बना लिया था। टेरेंस ने फिटनेस इंस्ट्रक्टर के तौर पर गौरी खान, माधुरी दीक्षित, सुष्मिता सेन, सुजैन खान और बिपाशा बसु समेत कई सेलिब्रिटीज को ट्रेनिंग भी दी है।
वहीं, बॉलीवुड में उनकी शुरुआत ‘लगान’ फिल्म से हुई थी। हालांकि कुछ समय बाद ही टेरेंस ने फिल्मों से दूरी बना ली, क्योंकि उन्हें ये काम पसंद नहीं आ रहा था। इसके बाद वह टीवी शो जज करने लगे। वह ‘डांस इंडिया डांस’(डीआईडी), ‘नच बलिए’, ‘इंडिया बेस्ट डांसर 1 और 2’ जैसे कई शो जज कर चुके हैं। वहीं, डीआईडी एक ऐसा मंच था, जिसने टेरेंस को हर घर में पहचान दिला दी। कोरियोग्राफर टेरेंस डांस ही नहीं स्टंट करना भी बेहद पसंद करते हैं। ऐसे में उन्होंने ‘खतरों के खिलाड़ी’ सीजन 3 में भी हिस्सा लिया था।
इसके साथ ही वह मुंबई में अपनी टेरेंस लुईस कंटेम्परेरी डांस कंपनी भी चलाते हैं और विदेशों में भी वर्कशॉप का आयोजन करते हैं। यहीं नहीं टेरेंस ने डिज्नी इंडिया के पहले थिएटर प्रोडक्शन 'ब्यूटी एंड द बीस्ट' को भी कोरियोग्राफ किया है। 46 साल के टेरेंस लुईस अभी तक सिंगल है और उनका शादी करने का कोई इरादा भी नहीं है। टेरेंस का कहना है कि वह 12 घंटे किसी के साथ नहीं रह सकते इसलिए वह कभी शादी नहीं करना चाहते। उनका मानना है कि खुश रहने के लिए शादी करना जरूरी नहीं है।