कोरोना की दूसरी लहर के बाद खुले सिनेमाघरों में दिवाली से मेगा बजट फिल्मों की रिलीज शुरू हो रही है। बोहनी ‘सूर्यवंशी’ से हो रही है जिसमें अक्षय कुमार, अजय देवगन के साथ रणवीर सिंह भी एक स्पेशल अपीयरेंस में दिखेंगे और साल की विदाई भी रणवीर सिंह की ही फिल्म ‘83’ से हो रही है। 1983 में क्रिकेट का पहला वर्ल्ड कप जीतने वाली कपिल देव की टीम की कोशिशों पर बनी इस फिल्म में सुनील गावस्कर का किरदार कर रहे अभिनेता ताहिर राज भसीन इसे लेकर पूरे जोश और उत्साह में नजर आ रहे हैं। कबीर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सुपरस्टार रणवीर सिंह ने कहानी के मुख्य किरदार कपिल देव की भूमिका निभाई है।