हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक और स्टार किड की एंट्री हो चुकी है। सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी की डेब्यू फिल्म 'तड़प' इन दिनों सिनेमाघरों में छाई हुई है। बीते दिनों रिलीज हुई फिल्मों के मुकाबले अहान शेट्टी की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को लेकर दर्शक पहले से ही काफी उत्साहित थे। ऐसे में फिल्म की कमाई पर इसका असर देखने को मिल रहा है।
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन जहां 4.05 करोड़ का बिजनेस किया था, तो वहीं अब दूसरे दिन की कमाई भी सामने आ गई है। फिल्म ने अपने दूसरे दिन यानी शनिवार को 4.25 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं अगर बात की जाए दो दिन में हुई कमाई की तो अहान शेट्टी और तारा सुतारिया स्टारर इस फिल्म ने कुल 8.25 करोड़ का बिजनेस किया है।
इससे पहले बीते दिनों रिलीज हुई जॉन अब्राहम और दिव्या खोसला स्टारर फिल्म सत्यमेव जयते 2 ने अपने पहले दिन सिर्फ 2 करोड़ की कमाई की थी। वहीं, सलमान खान की अंतिम ने पहले दिन 4.75 करोड़ कमाए थे।
सिनेमाघरों में ‘तड़प’ के अलावा ‘अंतिम’ और ‘सत्यमेव जयते 2’ लगी हुई है। हालांकि, अब दोनों ही फिल्मों की रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है। वहीं, रविवार का दिन पूरा बाकी है, ऐसे में फिल्म को छुट्टी का फायदा मिलेगा या नहीं देखना दिलचस्प होगा।
फिल्म की बात करें तो इसमें अहान शेट्टी के साथ अभिनेत्री तारा सुतारिया मुख्य किरदार में नजर आई। फिल्म को देश में 1656 स्क्रीन्स पर प्रदर्शित किया गया जबकि विदेशों में यह 451 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई। फिल्म तेलुगू सुपरहिट ‘आरएक्स 100’ की हिंदी रीमेक है। इसका निर्देशन मिलन लुथरिया ने किया है। वहीं, निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं।